Thursday , March 5 2026

इस दिन शुरू होगा नेटफ्लिक्स की हिट कोर्टरूम कॉमेडी ‘मामला लीगल है’ का सीज़न 2

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पटपड़गंज डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की रोजमर्रा की घटनाओं ने अगर आपका भी मनोरंजन किया है और आपको भी हँसाया है, तो जान लें कि अब एक नया नोटिस जारी हो गया है। जी हाँ, अब अगली तारीख डिसाईड हो गई है। 3 अप्रैल से कोर्ट फिर से शुरू हो रहा है, और मामला लीगल है सीज़न 2 के साथ आ रहा है, सत्य दुर्घटनाओं पर आधारित कानूनी मामलों की नई कहानियाँ। सीज़न 2 में दर्शकों के पसंदीदा वकील एक बार फिर पेश करेंगे उथल-पुथल और बेहतरीन ह्यूमर के साथ रोजमर्रा की अफरा-तफरी, जो इस शो के प्रति दर्शकों के प्रेम को और अधिक बढ़ा देगी।

पोषम पा पिक्चर्स द्वारा निर्मित इस सीरीज़ में शो-रनर समीर सक्सेना हैं। इसके डायरेक्टर राहुल पांडे हैं। सौरभ खन्ना और कुणाल अनेजल द्वारा निर्मित किरदारों और दुनिया पर आधारित नए सीज़न की कहानी सैयद शदान, मोहक अनेजा और तत्सत पांडे ने लिखी है, तथा कुणाल ने टीम को लीड किया है। 

रवि किशन ने कहा, ‘‘मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मैं ऐसा कहूंगा, लेकिन मैं कोर्ट जाने के लिए उत्सुक हूँ। मामला लीगल है कि पहले सीज़न को दर्शकों से मिले प्यार व स्नेह के लिए मैं उनकी सराहना करता हूँ। इस सीज़न में त्यागी एक जज के रूप में खुद को साबित करना चाहता है, लेकिन यह बोलना जितना आसान है, करके दिखाना उतना ही कठिन। यहाँ हर मामला सीरियस होता है, पर तरीका बिल्कुल हटके। मैं पटपड़गंज डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की अस्त-व्यस्त जिंदगी में दर्शकों का फिर से स्वागत करता हूँ। जैसा कि हमने पहले सीज़न में कहा थाः ये वकील सिर्फ कोट के काले हैं, दिल के नहीं।’’

क्या आप यह जानने को उत्सुक हैं कि वी.डी. त्यागी को जस्टिस में किक मिलेगी या नहीं? क्या सुजाता दीदी को मिलेगा ए.सी. चैंबर? क्या एल्केलाईन वॉटर पीने वाली अनन्या श्रॉफ की सत्य और न्याय की लड़ाई जारी रहेगी? और अंत में, पटपड़गंज डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के डॉन, विश्वास पांडे अपनी मजेदार बातों और घरेलू समाधानों के साथ कोर्टरूम की दुनिया में आगे कैसे बढ़ेंगे?

निधि बिष्ट, नैला ग्रेवाल, अनंत जोशी और अंजुम बत्रा की वापसी के साथ इस कोर्टरूम ड्रामा को और ज्यादा मजेदार बनाने आ रहे हैं कुशा कपिला और दिनेश लाल यादव।

अपने सिग्नेचर स्टाईल और व्यंग्य के साथ कोर्टरूम कॉमेडी, मामला लीगल है सीज़न 2 एक पैसा-वसूल अनुभव होगा, जिसमें हर ऑब्जेक्शन पर आएगी हँसी और हर आदेश में दिखेगा एक ट्विस्ट।