Monday , February 16 2026

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में गुवाहाटी पहुंची आयोग की टीम

गुवाहाटी : आगामी असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत आज गुवाहाटी में भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग की एक टीम पहुंची। आज दोपहर बाद लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर टीम का राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने स्वागत किया।असम पहुंचे निर्वाचन आयोग की टीम के अन्य सदस्यों में निर्वाचन आयुक्त डॉ एसएस संधू और डॉ विवेक जोशी, वरिष्ठ उप-निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग और डॉ. पवन कुमार शर्मा, प्रमुख संचालक आशीष गोयल, सलाहकार एनएन बुटोलिया, संचालक विद्यारानी कंथौजाम आदि प्रमुख शामिल हैं।देश के निर्वाचन आयोग की उच्च स्तरीय अधिकारियों की टीम आगामी असम विधानसभा आम चुनाव, 2026 के मद्देनजर विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों में भाग लेगी। 17 फरवरी को गुवाहाटी के रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित कार्यक्रम में निर्वाचन आयोग राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेगा। इस चर्चा में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।आयोग चुनाव तैयारियों की समीक्षा के लिए पुलिस महानिरीक्षकों, क्षेत्रीय पुलिस उप महानिरीक्षकों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, मजिस्ट्रेटों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक भी करेगा। आयोग के अधिकारी 18 फरवरी को उक्त होटल में राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ-साथ प्रवर्तन एजेंसियों के नोडल और मुख्य अधिकारियों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, राज्य पुलिस नोडल अधिकारियों, सीएपीएफ नोडल अधिकारियों और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उधर, आयोग की टीम 18 फरवरी की दोपहर को एक संवाददाता सम्मेलन के बाद बूथ स्तर के अधिकारियों के साथ विचारों का आदान-प्रदान करेगी।