पूर्वी सिंहभूम : केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम ने केंद्रीय बजट 2026 को देश की अर्थव्यवस्था के लिए “रिफॉर्म एक्सप्रेस” बताते हुए कहा कि यह बजट लोकलुभावन घोषणाओं से दूर रहकर ठोस आर्थिक सुधार, स्थिरता और सतत विकास की मजबूत नींव रखता है।जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि यह बजट झारखंड जैसे संसाधन-संपन्न और औद्योगिक राज्य को नई विकास गति देगा। यह बजट ईज ऑफ लिविंग, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, रोजगार सृजन और उत्पादन वृद्धि पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि देश के लगभग 150 शहरों में केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता बजट की जानकारी देने पहुंचे हैं और जमशेदपुर आकर उन्हें विशेष प्रसन्नता हुई।जुएल ओराम ने जमशेदपुर और राउरकेला के ऐतिहासिक औद्योगिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र लंबे समय से देश की मैन्युफैक्चरिंग ग्रोथ की रीढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने सेमीकंडक्टर सेक्टर को भविष्य का गेम चेंजर मानते हुए अगले पांच वर्षों में 40 हजार करोड़ रुपये निवेश का प्रावधान किया है। वहीं बायो-फार्मा और मेडिसिन सेक्टर में 10 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे तकनीक, रक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और झारखंड को भी इसका लाभ प्राप्त होगा।झारखंड को प्राथमिकता देने की बात करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में राज्य को 4.18 लाख करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता मिली है। रेलवे, सड़क, एयरपोर्ट, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में निवेश से राज्य का आधारभूत ढांचा सुदृढ़ होगा। देवघर और जमशेदपुर एयरपोर्ट का संचालन, रांची-कोलकाता ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और एम्स देवघर जैसी परियोजनाएं राज्य के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।प्रेस वार्ता में विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जिला महामंत्री संजीव सिंह और जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।—————
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal