चंदेरी में तीन विद्युत सब स्टेशनों और ईसागढ़ में सड़क व आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का किया का शिलान्यास और लोकार्पण अशेाक नगर : केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के चार दिवसीय प्रवास के तीसरे दिन मंगलवार को अशोकनगर जिले को करोड़ों रुपये लागत की परियोजनाओं की सौगात दी।केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने आज चंदेरी विधानसभा क्षेत्र में ऊर्जा और ईसागढ़ नगर में सड़क, स्वच्छता और रोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया, जिनकी कुल लागत 12.68 करोड़ से अधिक है। उन्होंने चंदेरी में उन्होंने 7 करोड़ की लागत के तीन विद्युत उपकेन्द्रों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इसके अलावा ईसागढ़ को उन्होंने 5.68 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी।इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि ये परियोजनाएँ केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के नागरिकों के जीवन को सरल, सुरक्षित और समृद्ध बनाने की दिशा में ठोस कदम हैं। उन्होंने ईसागढ़ गौरव दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विकास तब सार्थक होता है, जब उसका लाभ पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।चंदेरी विधानसभा क्षेत्र में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने ऊर्जा अवसंरचना को नया बल देते हुए कहा कि बिजली किसी भी क्षेत्र के विकास की ‘जीवनरेखा’ है। इन उपकेंद्रों के माध्यम से किसान निर्बाध सिंचाई कर सकेंगे, छात्र बेहतर वातावरण में अध्ययन कर पाएंगे और व्यापारिक गतिविधियाँ बिना रुकावट आगे बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि मैं जब भी आपके बीच आता हूँ, अंधेरे को दूर करने के लिए ज्योति का प्रकाश साथ लाता हूँ।”उन्होंने स्मरण कराया कि गत नवंबर में भी अशोकनगर को 5 उपकेंद्रों की सौगात दी गई थी, जिससे 42 गाँवों को लाभ मिला था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने देश के 17,000 से अधिक ऐसे गाँवों तक बिजली पहुँचाई है, जो आजादी के बाद से अब तक अंधकार में थे। इसके बाद उन्होंने ईसागढ़ नगर में 5.68 करोड़ की लागत से संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएँ केवल सीमेंट और पत्थर की संरचनाएँ नहीं, बल्कि ईसागढ़ के उज्ज्वल भविष्य की ठोस नींव हैं।शहर का सड़क नेटवर्क होगा शत-प्रतिशत पूर्ण सिंधिया ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री अर्बन एरिया इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम’ के तहत दो करोड़ की लागत से वार्ड 1 से 15 तक बनने वाली सीसी सड़कों के साथ ईसागढ़ का सड़क नेटवर्क शत-प्रतिशत पूर्ण होगा, जिसके बाद शहर में कोई भी सड़क कच्ची नहीं रहेगी। इससे आवागमन सुगम होगा, दुर्घटनाओं का जोखिम घटेगा और दैनिक जीवन की गति बढ़ेगी। इसके साथ ही, उन्होंने कायाकल्प अभियान के अंतर्गत एक करोड़ की लागत से बस स्टैंड से गुना मार्ग तक 600 मीटर लंबी सीसी रोड का भूमिपूजन किया, जो एक प्रभावी वैकल्पिक बायपास के रूप में कार्य करेगी और शहर को जाम की समस्या से स्थायी राहत देगी। इसके अलावा उन्होंने नाग वैली में 1.18 करोड़ की लागत से 10 आधुनिक दुकानों वाले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन किया, जो स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोज़गार का केंद्र बनेगा।उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि आज विकास केवल महानगरों तक सीमित नहीं, बल्कि छोटे शहरों और कस्बों तक समान रूप से पहुँच रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संवेदनशील प्रशासन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ‘अंत्योदय’ के संकल्प को जमीन पर उतार रही है, जहाँ विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुँचती है। केन्द्रीय मंत्री ने विश्वास दिलाया कि चंदेरी, ईसागढ़ और पूरे अशोकनगर जिले में विकास की यह गति निरंतर बनी रहेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्धि, सुविधा और सुरक्षा का मजबूत आधार तैयार करेगी।युवाओं की शिकायत पर सिंधिया ने एक घंटे में खेल मैदान से हटवाया अतिक्रमणकेंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मंगलवार को क्षेत्रीय प्रवास के दौरान युवाओं की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खेल मैदान को अतिक्रमण से मुक्त कराया। ग्राम डुंगासरा में सब स्टेशन के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा की गई शिकायत पर उन्होंने तत्काल कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए। जिसके बाद प्रशासन ने मात्र एक घंटे में मैदान से अतिक्रमण हटा दिया। इसके पश्चात सिंधिया ने हटाए गए अतिक्रमण वाले मैदान पर युवाओं के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया।_________________
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal