Tuesday , March 3 2026

एलन शिक्षा संबल : सरकारी स्कूल के स्टूडेंट्स को 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। एलएन माहेश्वरी परमार्थ न्यास एवं एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में संचालित एलन शिक्षा संबल अभियान निःशुल्क नीट कोचिंग के तीसरे सत्र की प्रवेश प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। एलन परिवार के पितृ पुरूष लक्ष्मीनारायण माहेश्वरी की पुण्यतिथि के अवसर पर यह शुरूआत की गई। एलन के निदेशक डॉ.गोविन्द माहेश्वरी, राजेश माहेश्वरी, नवीन माहेश्वरी व डॉ.बृजेश माहेश्वरी ने संकल्प कैम्पस में वीडियो बटन दबाकर व पोस्टर विमोचन कर यह शुरुआत की। 

इस योजना के तहत उत्तर भारत के हिन्दी भाषी प्रदेशों के सरकारी स्कूलों के चयनित 126 विद्यार्थियों को नीट-यूजी के लिए निशुल्क कोचिंग के साथ-साथ निशुल्क आवास व भोजन भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसमें 81 छात्राएं एवं 45 छात्र शामिल हैं।

योजना के तहत एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट की ओर से कोटा में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी की एक साल के लिए निशुल्क कोचिंग (100 प्रतिशत स्कॉलरशिप) दी जा रही है। वहीं एलएन माहेश्वरी परमार्थ न्यास की ओर से इन विद्यार्थियों के निशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है।

निदेशक नवीन माहेश्वरी ने बताया कि उनके पिता एलएन माहेश्वरी ने हमेशा शिक्षा के लिए प्रेरित किया। वे बच्चों की पढ़ाई के प्रति बहुत सरोकार रखते थे और इसके लिए मदद भी किया करते थे। इन्हीं संस्कारों से प्रेरित होकर, उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए यह पहल शुरू की गई है। ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों तक शिक्षा का उजियारा पहुंचाते हुए उनके सपने सच करना ही ध्येय है।