Friday , March 6 2026

SBI : मनाया पैन-इंडिया ‘अन्नदाता उत्सव’, किसानों से किया संवाद

  

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय स्टेट बैंक ने 15 दिवसीय अन्नदाता उत्सव का आयोजन किया।इस राष्ट्रव्यापी जनसंपर्क कार्यक्रम का उद्देश्य भारत के कृषक समुदाय के देश की खाद्य सुरक्षा और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करना और उसका उत्सव मनाना है। देशभर में आयोजित इस पहल के माध्यम से एसबीआई ने प्रत्यक्ष संवाद, वित्तीय सशक्तिकरण और किसानों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी के जरिए कृषि पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया।

अन्नदाता उत्सव के तहत, बैंक ने अपनी लगभग 15,000 ग्रामीण और अर्ध-शहरी शाखाओं में ग्राम चौपालों का आयोजन किया। जिससे बैंकर्स और किसानों के बीच प्रत्यक्ष संवाद का मंच सृजित हुआ। इन आयोजनों के दौरान, खेती, सहायक गतिविधियों तथा कृषि एवं ग्रामीण उद्यमिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्नदाताओं को एसबीआई द्वारा सम्मानित किया गया।

विभिन्न सर्किलों के वरिष्ठ एसबीआई अधिकारी, जिनमें कृषि व्यवसाय इकाई (एबीयू) और सरकारी प्रायोजित योजनाओं (जीएसएस) से जुड़े अधिकारी शामिल थे। कार्यक्रम में सक्रिय रूप से सहभागी बने जिससे कृषि मूल्य श्रृंखला में एक भरोसेमंद वित्तीय भागीदार बनने की बैंक की परिकल्पना और सुदृढ़ हुई। इस पहल के अंतर्गत, बैंक ने भारत सरकार की प्रमुख योजनाओं – कृषि अवसंरचना निधि, पीएमएफएमई, पीएम-कुसुम, एफपीओ वित्तपोषण तथा ई-एनडब्ल्यूआर आधारित गिरवी वित्त पर जागरूकता सत्र भी आयोजित किए। साथ ही, एसबीआई के प्रमुख कृषि उत्पादों जैसे एग्री एंड फूड एंटरप्राइज लोन (एएफईएल) और किसान समृद्धि ऋण की जानकारी दी गई।

इन सत्रों के माध्यम से फसल उत्पादन से लेकर कटाई के बाद की अवसंरचना, भंडारण, प्रसंस्करण, नवीकरणीय ऊर्जा और बाज़ार संपर्क तक पूरी कृषि मूल्य श्रृंखला में एसबीआई के समग्र सहयोग को रेखांकित किया गया।इसके अतिरिक्त, किसानों और कृषि उद्यमियों की वित्तीय सुदृढ़ता के लिए ऋण अनुशासन, समय पर भुगतान, साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा आरबीआई की जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कोष (डीईएएफ) के अंतर्गत जमाकर्ता जागरूकता जैसे विषयों पर ज्ञान सत्र आयोजित किए गए। ये सत्र सिबिल और क्रिफ के सहयोग से संचालित किए गए, जिससे प्रतिभागियों को आवश्यक वित्तीय जागरूकता प्राप्त हुई।