नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा है कि आज दुनिया गंभीर आर्थिक चुनौतियों से गुजर रही है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बना वैश्विक आर्थिक ढांचा अब कमजोर पड़ रहा है। ऐसे कठिन समय में वही देश आगे बढ़ते हैं, जो इन चुनौतियों के बीच अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाए रखते हैं। इस चुनौतीपूर्ण वैश्विक माहौल में भारत का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है।गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने बताया कि पूर्वानुमान के अनुसार चालू वित्त वर्ष में भारत की जीडीपी वृद्धि दर लगभग 7.4 प्रतिशत रहने की संभावना है। पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 7.4 प्रतिशत, चालू वर्ष की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत और दूसरी तिमाही में 8.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। यह साफ दर्शाता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था लगातार तेजी से आगे बढ़ रही है।उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र के अच्छे प्रदर्शन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में 3.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। निर्माण क्षेत्र, जो रोजगार सृजन के लिए बेहद अहम है, लगभग 7 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है। इसी तरह सेवा क्षेत्र, जिसमें भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है, 9.1 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज कर रहा है। मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर भी लगातार मजबूती दिखा रहा है।अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान आर्थिक संकेत भारत की मजबूत स्थिति को दर्शाते हैं। देश में विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) रिकॉर्ड स्तर पर है और जीएसटी संग्रह लगातार बढ़ रहा है। दिसंबर महीने में जीएसटी संग्रह 1.77 लाख करोड़ रुपये रहा। वैश्विक संरक्षणवाद और व्यापार शुल्क जैसी चुनौतियों के बावजूद अप्रैल से सितंबर के बीच भारत का निर्यात 419 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है।उन्होंने कहा कि आम लोगों के लिए महंगाई सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा होता है और इस मोर्चे पर भी स्थिति संतोषजनक है। खाद्य और समग्र महंगाई एक प्रतिशत से नीचे बनी हुई है। इसके साथ ही राजकोषीय घाटा भी नियंत्रण में है।उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा प्रत्यक्ष करों में कटौती और मूल कर छूट सीमा बढ़ाने के बावजूद अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर सुधार, इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, रक्षा, अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर और डिजिटल लेनदेन जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।उन्होंने विश्वास जताया कि इन सुधारों और नीतियों के चलते भारत आने वाले वर्षों में भी तेज गति से आगे बढ़ेगा और दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।—————
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal