Monday , October 13 2025

नागपुर पदवीधर मतदार संघ चुनाव 2026 को लेकर हिंदी विश्वविद्यालय में जागरूकता अभियान

वर्धा (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में आगामी नागपुर पदवीधर मतदार संघ विधान परिषद चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए नए मतदाताओं के नाम पंजीकरण हेतु गुरुवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में वरिष्ठ समाजसेवी अविनाश देव ने विशेष रूप से उपस्थित रहकर कर्मचारियों और अधिकारियों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पदवीधर मतदार संघ का यह चुनाव शिक्षित वर्ग की भागीदारी और प्रभावी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए अधिक से अधिक योग्य मतदाताओं को सूची में अपना नाम दर्ज कराकर लोकतंत्र को सशक्त बनाना चाहिए।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी बी. एस. मिरगे ने बताया कि नए मतदाताओं के नाम पंजीकरण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। उन्होंने सभी पात्र कर्मियों और शिक्षकों से निर्धारित समय सीमा में नाम पंजीकृत कराने की अपील की। शिष्टाचार अधिकारी राजेश यादव ने कहाकि इस तरह के अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने में सहायक होते हैं। सहायक प्रोफेसर लेफ्टिनेंट डॉ. अनिकेत आंबेकर ने भी मतदान के प्रति जागरूकता को समय की आवश्यकता बताया।

अभियान में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परिसर में मतदाता सूची से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए विशेष सहायता केंद्र भी स्थापित किया गया है।