Thursday , September 11 2025

नेटफ्लिक्स : ‘कुरुक्षेत्र’ के साथ भारतीय एनिमेटेड माईथोलॉजी के क्षेत्र में कदम रखा

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारत में समृद्ध स्टोरीटैलिंग की संस्कृति के अंतर्गत, नेटफ्लिक्स पर नई एपिक सीरीज़ “कुरुक्षेत्र” की स्ट्रीमिंग शुरू हो रही है। इसमें महाभारत की ऐतिहासिक कहानी दिखाई गई है। इस सीरीज़ की परिकल्पना और रचना अनु सिक्का ने की है। इसके निर्माता टिपिंग पॉईंट प्रोडक्शन के बैनर तले आलोक जैन, अनु सिक्का और अजीत अंधारे हैं। कुरुक्षेत्र की कहानी इसके निर्देशक उजान गांगुली ने लिखी है। सीरीज़ के आधिकारिक गीतकार के रूप में इस परियोजना को अपनी आवाज महान गीतकार और कवि, गुलजार ने दी है, जिससे इस एनिमेटेड सीरीज़ की गंभीरता व गहराई बढ़ गई है।

मूल प्रस्तुति, कुरुक्षेत्र में महाभारत को एक बिल्कुल नए अंदाज में पेश किया गया है। इसमें एक दिलचस्प कहानी के माध्यम से इस महाकाव्य के महत्वपूर्ण लम्हों की भावनात्मक तीव्रता और नैतिक कशमकश को दिखाया गया है। सीरीज़ की शुरुआत 18 प्रमुख योद्धाओं के दृष्टिकोण के माध्यम से होती है। हर योद्धा अपने अंदर की कशमकश, व्यक्तिगत प्रतिशोध और एक विनाशकारी युद्ध के दौर से गुजरता है, जिसने भाई को भाई का शत्रु बना दिया। धर्मयुद्ध के उपदेशों के माध्यम से सुनाई गई सबसे महान भारतीय कथा पेश करते हुए यह शो दो भागों में लॉन्च किया जाएगा, जिसके प्रत्येक भाग में 9 एपिसोड होंगे।

नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज़ हेड, तान्या बामी ने कहा, ‘‘कुरुक्षेत्र नेटफ्लिक्स इंडिया की पहली माईथोलॉजिकल एनिमेटेड सीरीज़ है। यह महाभारत का एक नया नजरिया पेश करती है। इसमें एक महान स्टोरीटैलिंग के सभी गुण हैं। महाभारत का कद हमेशा एक महाकाव्य से बढ़कर रहा है। यह हमारी पसंदों और दुविधाओं का आईना है। यह आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना सदियों पहले था। यह सीरीज़ अपनी विशेष स्टोरीटैलिंग, विस्तृत किरदारों और हृदयस्पर्शी संगीत के साथ एक ऐसी कहानी पेश कर रही है, जिसके साथ हम बड़े हुए हैं और जो आज की पीढ़ी की भाषा बोलती है। यह नए दर्शकों को एक ऐसे फॉर्मेट में टाइमलेस कहानी देखने के लिए आमंत्रित करती है, जो बिल्कुल नया, आधुनिक और आकर्षक है।’’

इसकी रचनाकार अनु सिक्का ने कहा, ‘‘कुरुक्षेत्र का युद्ध समय से परे है। यह कभी भुलाया नहीं जा सकता। इसमें कर्तव्य, नियति और नैतिक चुनावों का धर्मसंकट दिखाया गया है। इस एनिमेटेड सीरीज़ में हमने विज़्युअल स्टोरीटैलिंग और शाश्वत ज्ञान के माध्यम से विभिन्न दृष्टिकोणों द्वारा कुरुक्षेत्र के 18 दिनों का विश्लेषण किया है। हम यह महान कहानी नेटफ्लिक्स पर पेश करने के लिए गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं, जो इस महाकाव्य को बहुत ही आकर्षक और नए फॉर्मेट में भारत और पूरे विश्व के दर्शकों तक पहुँचाएगा।”

ओरिज़नल कहानियों के अपने बढ़ते संग्रह के साथ नेटफ्लिक्स इंडिया ने कुरुक्षेत्र पेश करके एनिमेटेड माईथोलॉजी के क्षेत्र में प्रवेश किया है। यह महाकाव्य आधुनिक युग में प्राचीन ज्ञान का उपदेश देता है।

कुरुक्षेत्र का प्रसारण 10 अक्टूबर को केवल नेटफ्लिक्स पर होगा।

अवधारणा एवं रचनाः अनु सिक्का

निर्माताः आलोक जैन, अनु सिक्का, अजीत अंधारे

निर्माणः टिपिंग पॉईंट

लेखक एवं निर्देशकः उजान गांगुली

गीतलेखनः गुलजार