Saturday , January 10 2026

देश का भविष्य बदलने की क्षमता रखता है आज का युवा : रामायण यादव

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विज्ञान फाउण्डेशन द्वारा एम्पावर – द इमर्जिंग मार्केट्स फाउण्डेशन के सहयोग से परिवर्तन कार्यक्रम के तहत ‘नवरंग‘ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभाएं दिखाने व युवाओं को कैसे नौकरियों के नए आयामों से जोड़ा जाये जिससे वे देश के विकास में अपना योगदान सुनिश्चित कर सकें, था। 

कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए परियोजना समन्वयक सुकृति ने बताया कि परिवर्तन परियोजना लखनऊ शहर की दो शहरी बस्तियों- जानकीपुरम व मड़ियांव में संचालित की जा रही है और लगभग 200 किशोरियां/युवतियां परियोजना के तहत चिन्हित की गई हैं। जिन्हें कौशल विकास के कार्यक्रमों से जोड़ते हुए उन्हें स्वावलम्बी बनाने हेतु कार्य किया जा रहा है।  

इनमें से कुल 55 किशोरियां/युवतियां अभी कुछ कौशलों के तहत प्रशिक्षण भी ले रही हैं।

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस से कार्यक्रम को जोड़ते हुए विज्ञान फाउण्डेशन के संस्थापक सदस्य रामायण यादव ने बताया कि रोजगार दिलाने के विषय पर संस्था की यह पहली परियोजना है। जो कि सफलता की ओर जाती दिख रही है। उन्होंने कहा, आज का युवा ही कल का सुनहरा भविष्य है। इन पर किया हुआ आज का निवेश हमें कल बड़ी iwath देगा।

सामाजिक कार्यकत्री ताहिरा हसन ने कहा कि संस्था द्वारा की गई यह पहल सराहनीय है। देश को विकासशील से विकसित बनाने हेतु युवाओं को आगे बढ़ाना आवश्यक है। ऐसा कार्यक्रम शहर की अन्य बस्तियों में भी संचालित किया जाना चाहिए जिससे अधिक किशोरियों/युवतियों तक इसका लाभ पहुंचाया जा सके।

फैमिली प्लानिंग आफ इण्डिया से आईं मिताश्री ने बताया कि देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी अहम भूमिका निभाती है। एक महिला में कई क्षमताएं होती हैं जो उसे और उसके आसपास के वातावरण को प्रभावित कर, उसे बदलने का दम रखती हैं। उन्होंने कहाकि हमारा केन्द्र भी महिलाओं की मदद करने हेतु सदैव तत्पर रहता है।

उक्त कार्यक्रम में महिन्द्रा स्किल्स ट्रेनिंग व डेवलेप्मेंट प्रा0 लि0 के अवनीश दिक्षित, टाटा स्ट्राइव से अनुभव वैश, प्रथम एजूकेशन फाउण्डेशन से बलबीर, डा0 रेड्डीस फाउण्डेशन से दीपू गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता महेन्द्र पाल सिंह, आदि के साथ लगभग 50 किशोरियों/युवतियों ने प्रतिभाग किया।