गुरुग्राम (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। NACG SAIEVAC के सहयोग से चेतना संस्था द्वारा “हरियाणा चिल्ड्रन कंसल्टेशन ऑन वायलेंस अगेंस्ट चिल्ड्रन” विषय पर शिक्षा का आँगन चकरपुर गॉव सेक्टर 28 गुरुग्राम में महत्वपूर्ण बाल कंसल्टेशन का आयोजन किया गया। इस कंसल्टेशन का उद्देश्य बच्चों के प्रति हिंसा को समाप्त करना, उनके अधिकारों की रक्षा करना और बाल कल्याण को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम में SAIEVAC (साउथ एशियन इनिशिएटिव टू एंड वायलेंस अगेंस्ट चिल्ड्रन) थीम पर आधारित मुद्दों जैसे बाल श्रम, बाल विवाह, बाल यौन शोषण एवं ऑनलाइन सुरक्षा, शारीरिक दंड, बाल तस्करी, और बाल सहभागिता पर गहन चर्चा की गई। इसके साथ ही विकलांग बच्चों के अधिकार, लैंगिक समानता और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव जैसे क्रॉस-कटिंग विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। इन मुद्दों पर बच्चों को विभिन्न शॉर्ट वीडियो दिखाए गए, जिनसे उन्हें इन समस्याओं की गहरी समझ मिली और उनके समाधान के प्रति जागरूकता बढ़ी।

बच्चों को कुछ मनोरंजन गतिविधियां करवाई गई। इसके बाद, बच्चों को समूहों में बाल श्रम व बाल शोषण विषयों पर लिखकर प्रदर्शित करने को कहा गया। बच्चों ने दो समूहों में दोनों विषयों को प्रदर्शित किया। जिसमें बाल यौन शोषण एवं ऑनलाइन सुरक्षा का रैंकिंग के माध्यम से चयन किया गया। साथ ही, प्रत्येक समूह में से चार बच्चों द्वारा चुनाव में भाग लिया गया।

कंसल्टेशन के अंत में बच्चों ने लोकतांत्रिक तरीके से स्वयं से एक बाल लीडर का चुनाव किया, जो दिल्ली जाकर उक्त विषय पर उन सबका प्रतिनिधित्व करेगा। चुनाव के परिणाम स्वरूप एक बाल लीडर, साबिर, को सर्वाधिक मतों द्वारा विजय घोषित किया गया। साबिर का दिल्ली जाकर बाल यौन शोषण पर अन्य बच्चों की आवाज बनने हेतु चयन किया गया। कुल 16 बाल प्रतिभागियों ने भाग लिया और ऑनलाइन माध्यम से हरियाणा की विभिन्न कच्ची बस्तियों से सड़क व कामकाजी बच्चे जुड़े।

उपरोक्त कंसल्टेशन में बढ़ते कदम, बालकनामा, सरकारी विद्यालय, गैरसरकारी विद्यालय, चेतना संस्था, कोशा फाउंडेशन और सेक्विन जैसी संस्थाओं ने भाग लिया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal