Saturday , July 27 2024

हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव : “चर्चा चाची के” ने खूब गुदगुदाया, नृत्य से बिखेरी मनमोहक छटा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। माँ गायत्री जन सेवा संस्थान एवं नीशू वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा स्मृति उपवन में आयोजित हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव की 11वीं सांस्कृतिक संध्या में रविवार को मंच से बिम्ब सांस्कृतिक समिति के कलाकारों ने “चर्चा चाची के” शीर्षक पर हास्य नाटक का मंचन किया। नाटक में नीलम चर्चा चाची के किरदार में दिखी, कलाकार अनूप अवस्थी ने पागल प्रेमी का किरदार निभाया। इस दौरान कलाकारों ने अपने अपने किरदार अदा कर लोगो को खूब गुदगुदाया।

नाटय मंचन के उपरांत बतौर मुख्य अतिथि मौजूद भाजपा एमएलसी व एसआर ग्रुप के चेयरमैन पवन सिंह चौहान एवं संस्था के अध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह व गुंजन वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व पार्षद नागेंद्र सिंह, पार्षद रेखा सिंह, डॉ. अजिता दुबे, पार्षद बृज मोहन शर्मा, अशोक तिवारी भी उपस्थित रहे।

मंच से गीत संगीत नृत्य कार्यक्रम में गणपति बप्पा मोरया पर ग्रुप डांस प्रस्तुत कर दर्शको का मन मोह लिया। इसी क्रम में महत्त्व संस्था के कलाकारों अर्चना रावत, पल्लवी, मंशा, नित्या, मोहिनी ने पंजाबी मैसप ग्रुप डांस कर दर्शको का दिल जीत लिया। इसके अलावा मिष्ठी गौतम ने आजा नच ले… एवं आयुषी वर्मा ने “होठो से ऐसी बात…” पर नृत्य प्रस्तुत कर मनमोहक छटा बिखेरी। मंच का संचालन प्रदीप शुक्ला एवं रॉकी गिल ने किया। सांस्कृतिक संध्या प्रभारी शिप्रा चंद्रा एवम महोत्सव समिति के विनय दुबे, रनवीर सिंह समेत मनोज सिंह चौहान, हेमू चौरसिया, सचिन गुप्ता, नीरज यादव उपस्थित रहे।