Thursday , October 8 2026

बेटे की सच्चाई ने बदली पुष्पा की दुनिया, बच्चों के बीच खड़ी हुई बड़ी चुनौती

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सोनी सब का शो पुष्पा इम्पॉसिबल एक भावनात्मक मोड़ लेने जा रहा है, क्योंकि पुष्पा (करुणा पांडे) और टाइगर (मुकुल हरीश) से जुड़ा वर्षों पुराना एक राज़ आखिरकार सामने आ जाता है। टाइगर, जो लंबे समय से पुष्पा से अपने रिश्ते की सच्चाई जानने की कोशिश कर रहा था, पुष्पा के ऑफिस में एक वसीयत देखता है, जिसमें उसके नाम का उल्लेख पुष्पा के अन्य बच्चों के साथ किया गया होता है। यह खोज उसे उस सच्चाई की पुष्टि दे देती है, जिसकी वह तलाश कर रहा था और उसके अतीत को लेकर उसकी सारी धारणाएँ बदल देती है।

टाइगर उस वसीयत की तस्वीर ले लेता है और उसे पुष्पा के बाकी तीनों बच्चों के साथ साझा कर देता है, जिससे वे सभी हैरान रह जाते हैं। जब वे पुष्पा से इस पर सवाल उठाते हैं, तो वह आखिरकार स्वीकार कर लेती है कि टाइगर उसका बेटा है। जहाँ यह सच्चाई 28 वर्षों तक अपनी माँ से दूर रहने के बाद टाइगर को एक तरह का सुकून और जवाब देती है, वहीं यह परिवार के भीतर एक नया संघर्ष भी खड़ा कर देती है। पुष्पा के तीनों बच्चों के लिए टाइगर को स्वीकार करना मुश्किल साबित होता है, जबकि टाइगर स्पष्ट कर देता है कि अपनी माँ से इतने साल दूर रहने के बाद वह उन्हें दोबारा खोने के लिए तैयार नहीं है। अपने बच्चों के बीच फँसी पुष्पा खुद को एक असंभव स्थिति में पाती है, क्योंकि वह जानती है कि एक का साथ देने का मतलब दूसरे को ठेस पहुँचाना हो सकता है।

ट्रैक के बारे में बात करते हुए, करुणा पांडे ने साझा किया, “यह पुष्पा के लिए बेहद मुश्किल दौर है, क्योंकि उसके सामने कोई आसान या सही विकल्प नहीं है। उसने अपना पूरा जीवन अपने बच्चों की रक्षा करने में बिताया है और अब टाइगर से जुड़ी सच्चाई उसकी बनाई हुई पूरी दुनिया को खतरे में डाल रही है। वहीं दूसरी ओर, उसके लिए एक तरह का सुकून भी है, क्योंकि आखिरकार सच सामने आ चुका है और अब उसे इसे छिपाने का बोझ उठाने या अपने आसपास के लोगों से लगातार झूठ बोलने की ज़रूरत नहीं है। इस ट्रैक की जो बात मेरे लिए सबसे चुनौतीपूर्ण है, वह है अपने बच्चों को एकजुट रखने की कोशिश करते हुए पुष्पा के टाइगर को खो देने के डर को पर्दे पर निभाना।”