Thursday , October 1 2026

Bank of Baroda : चलाया स्वच्छता अभियान, किया सफाईकर्मियों का सम्मान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारत सरकार द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक “स्वच्छता ही सेवा 2026” अभियान चलाया जा रहा है। जिसका थीम ” स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” है। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को बढ़ावा देना है और विशेष रूप से दुरूह एवं अधिक गंदगी वाली जगहों – स्वच्छता हेतु लक्षित इकाइयों (CTUS) को स्वच्छ बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाना तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण हेतु योगदान के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त करना है।  

इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा के लखनऊ अंचल द्वारा अंचल कार्यालय, विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों एवं शाखाओं में व्यापक स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के अंतर्गत पौधारोपण अभियान, वॉकथॉन तथा स्वच्छता मित्रों के अमूल्य योगदान के सम्मान के साथ उनके लिए स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविरों का आयोजन किया गया।

इसी क्रम में गुरुवार को प्रातः 8 बजे से 9 बजे तक “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान का आयोजन किया गया। जिसके अंतर्गत लखनऊ अंचल एवं क्षेत्रीय कार्यालयों के कार्यपालको एवं अधिकारियों द्वारा विभूतिखंड क्षेत्र में सड़क एवं नाले की सफाई की गई।नगर निगम के सफाई कर्मियों का बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालको द्वारा सम्मान किया गया। साथ ही, सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्त जांच की व्यवस्था भी की गयी। अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 1,000 पौधों का रोपण भी किया गया।

इस अवसर पर शैलेन्द्र कुमार सिंह (महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, लखनऊ अंचल), सचिन वर्मा (उप महाप्रबंधक), निधि कुमार (उप महाप्रबंधक), राकेश चलावरिया (उप महाप्रबंधक) एवं आदित्य कन्नौजिया (उप महाप्रबंधक) सहित बैंक के कार्यपालकों एवं अधिकारियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की।

इन पहलों के माध्यम से बैंक ऑफ बड़ौदा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक सहभागिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सुदृढ़ करते हुए ‘स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।