मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। चांदी खरीदने के लिए अब ज्वेलरी शॉप जाने या बड़ी रकम जुटाने की जरूरत नहीं। जियोफाइनेंस ऐप पर जियोसिल्वर लॉन्च हो गया है, जहां ग्राहक सिर्फ ₹10 से 99.9 फीसदी शुद्ध डिजिटल चांदी खरीद सकेंगे। एक ट्रांजैक्शन में ₹10 से ₹1 लाख तक की खरीद की जा सकेगी। कंपनी के मुताबिक ऐप पर खरीदी गई डिजिटल चांदी के बराबर असली चांदी सुरक्षित रखी जाएगी।
ऐप पर चांदी की लाइव कीमत दिखेगी। भाव पसंद आया तो खरीदें और जरूरत पड़े तो बेच दें। बिक्री की रकम सीधे बैंक खाते में जाएगी। जो ग्राहक थोड़ा-थोड़ा नियमित निवेश करना चाहते हैं, उनके लिए साप्ताहिक और मासिक सिल्वर SIP का ऑप्शन भी है।
डिजिटल चांदी को सिर्फ ऐप में रखना जरूरी नहीं है। ग्राहक अपनी जमा चांदी को सर्टिफाइड सिल्वर कॉइन में बदल सकेंगे या सीधे फिजिकल सिल्वर कॉइन खरीद सकेंगे। कंपनी के मुताबिक फिजिकल सिल्वर की शुद्धता की जांच एनएबीएल (NABL) से मान्यता प्राप्त लैब में होगी।
जियो फाइनेंस प्लेटफॉर्म एंड सर्विस लिमिटेड की सीईओ सुरभे एस. शर्मा ने कहा कि जियोसिल्वर के जरिए ग्राहकों के लिए चांदी में निवेश को आसान और सुविधाजनक बनाया गया है, ताकि वे बिना स्टोरेज की चिंता के इसे खरीद और बेच सकें।
खरीद पर जियोपॉइंट्स भी मिलेंगे, जिन्हें ब्रांड वाउचर, शॉपिंग डिस्काउंट और दूसरे ऑफर्स के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा। जियोफाइनेंस ऐप पर डिजिटल गोल्ड पहले से मौजूद है, अब इसमें डिजिटल सिल्वर भी जुड़ गया है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal