Tuesday , September 29 2026

गोदरेज की मेजबानी में भारत-मलेशिया संवाद, ऑयल पाम अनुसंधान पर जोर

बेंगलुरु (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप ने सोमवार को मलेशिया की बागान एवं जिंस मंत्री वाईबी दातुक सेरी डॉ. नोरैनी अहमद के नेतृत्व में आए एक उच्चस्तरीय मलेशियाई प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी की। प्रतिनिधिमंडल में मलेशिया के बागान एवं जिंस मंत्रालय, चेन्नई स्थित मलेशिया के महावाणिज्य दूतावास, मलेशियन पाम ऑयल काउंसिल, मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड और मलेशियन सस्टेनेबल पाम ऑयल के प्रतिनिधि शामिल थे।

बैठक में समूह के विभिन्न व्यवसायों से जुड़े आपसी हित के क्षेत्रों पर चर्चा हुई, विशेष रूप से ऑयल पाम नवाचार और घरेलू कीटनाशक क्षेत्र पर। गोदरेज एग्रोवेट के साथ बातचीत के दौरान, दोनों पक्षों ने ऑयल पाम के अपस्ट्रीम सेक्टर में अवसरों की तलाश की। साथ ही, उन्होंने भारत की विविध कृषि-जलवायु परिस्थितियों के अनुकूल अधिक उपज देने वाली ऑयल पाम किस्मों को विकसित करने के लिए उन्नत अनुसंधान और वैज्ञानिक उपकरणों के उपयोग पर भी विचार साझा किए।

इन क्षेत्रों में घनिष्ठ सहयोग से स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल रोपण सामग्री तैयार करने, उत्पादकता और सहनशीलता बढ़ाने तथा भारत की दीर्घकालिक खाद्य तेल सुरक्षा में योगदान देने में मदद मिल सकती है।गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के साथ चर्चा घरेलू कीटनाशक क्षेत्र और इसके विकास को समर्थन देने वाले कारोबारी माहौल को मजबूत करने के अवसरों पर केंद्रित रही। दोनों पक्षों ने इस क्षेत्र के सतत विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ व्यापार और नवाचार को सुगम बनाने पर भी अपने विचार रखे।

मलेशिया की बागान और वस्तु मंत्री, वाईबी दातुक सेरी डॉ. नोरेनी अहमद ने कहा कि मलेशिया और भारत के बीच कई क्षेत्रों में लंबे समय से मजबूत संबंध रहे हैं, जो आर्थिक विकास और खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। आज की चर्चा से हमें अनुसंधान, नवाचार, व्यापार और सस्टेनेबिलिटी में गहरे सहयोग की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बातचीत हमें ऐसे व्यावहारिक क्षेत्रों की पहचान करने में मदद करती है जहाँ मलेशिया और भारत के उद्योग मिलकर काम कर सकते हैं और आपसी लाभ हासिल कर सकते हैं।

बैठक पर बात करते हुए गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप के ग्रुप प्रेसिडेंट एवं हेड ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स, राकेश स्वामी ने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में कृषि और उपभोक्ताओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए साझेदारी और ज्ञान का आदान-प्रदान बेहद महत्वपूर्ण है। मलेशियाई प्रतिनिधिमंडल के साथ हमारी चर्चा ने ऑयल पाम में विज्ञान-आधारित नवाचार को आगे बढ़ाने और घरेलू कीटनाशक क्षेत्र के इकोसिस्टम को मजबूत करने के अवसरों को रेखांकित किया। हम इस साझेदारी को बहुत महत्व देते हैं और आगे ऐसे सहयोग की उम्मीद करते हैं जिससे दोनों देशों के किसानों, उपभोक्ताओं और उद्योगों को लाभ पहुँचे।

इस संवाद के माध्यम से दोनों पक्षों को तकनीकी और उद्योग स्तर पर सहयोग के संभावित क्षेत्रों की पहचान करने में मदद मिली, विशेषकर ऑयल पाम अनुसंधान एवं नवाचार तथा व्यापार और उद्योग के विकास के क्षेत्र में।