Friday , September 25 2026

क्या लगातार 5 दिन बंद रहेंगे बैंक? पढ़े पूरी खबर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पांच दिवसीय बैंकिंग सहित लंबित मांगों को लेकर आंदोलित बैंककर्मियों ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। वहीं 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। लगातार 5 दिन बैंक बंद होने से लोगों को खासी असुविधाओं का सामना करना पर सकता है। जिसको ध्यान में रखते हुए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है।

बैंक संघों के संयुक्त मंच (यूएफबीयू) द्वारा 28 से 30 सितंबर, 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के मद्देनजर सरकार ने नागरिकों की बैंकिंग आवश्यकताओं की रक्षा के लिए विशेष कदम उठाए हैं। क्योंकि इस हड़ताल के साथ 26 और 27 सितंबर के पिछले सप्ताहांत की छुट्टियां भी जुड़ जाती हैं।

यह सुनिश्चित करने के लिए कि जनता की वास्तविक बैंकिंग आवश्यकताओं पर लंबे समय तक प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार, 27 सितंबर, 2026 को सामान्य रूप से कार्य करेंगे।

भारतीय रिजर्व बैंक ने सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को 27 सितम्‍बर, 2026 को पूरी तरह से चालू रखने की मंजूरी दे दी है।

विभाग ने जोर देते हुए कहा कि बैंक ग्राहकों का कल्याण और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने की अपील की है और आवश्यक बैंकिंग सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उपाय भी किए हैं।