Thursday , September 17 2026

अनिल कपूर का गेम शो से ‘द ममी’ तक, इस हफ्ते ये हैं मनोरंजन के बड़े विकल्प

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फैमिली एंटरटेनमेंट से लेकर हॉरर, कॉमेडी, क्राइम थ्रिलर और इंटरनेशनल ड्रामा तक, इस हफ्ते दर्शकों के लिए मनोरंजन के कई विकल्प मौजूद हैं। JioHotstar पर जहां टेलीविजन की दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह का प्रसारण होगा, वहीं अनिल कपूर अपना बहुप्रतीक्षित गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ लेकर आ रहे हैं। इसके अलावा Netflix पर भी कई बड़ी फिल्में और सीरीज रिलीज होने वाली हैं। आइए जानते हैं इस हफ्ते आप अपनी वॉचलिस्ट में किन शोज और फिल्मों को शामिल कर सकते हैं।

इंडिया के टॉप 1%: द अनिल कपूर शो

कहां देखें: Star Plus और JioHotstar

प्रीमियर: 19 सितंबर, रात 8 बजे

इस हफ्ते की वॉचलिस्ट में सबसे ऊपर है अनिल कपूर का बहुप्रतीक्षित गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’। दुनियाभर में लोकप्रिय फॉर्मेट ‘द 1% क्लब’ पर आधारित यह एक मजेदार गेम शो है, जिसमें किताबी ज्ञान से ज्यादा तर्क, बारीकियों पर नजर और रोजमर्रा की समझ मायने रखती है।

इस खेल में 100 प्रतिभागी 13 दिलचस्प और लगातार मुश्किल होते राउंड्स का सामना करेंगे। हर प्रतिभागी एक लाख रुपये के साथ खेल की शुरुआत करेगा। किसी भी प्रतिभागी के गलत जवाब देने पर वह रकम सामूहिक प्राइज पॉट में जुड़ जाएगी। इस फॉर्मेट को और भी खास बनाता है इसका प्ले अलॉन्ग फीचर, जिसके जरिए दर्शक घर बैठे अनिल कपूर के साथ सवालों के जवाब दे सकते हैं।

‘बात खटकी तो जीत पक्की’ की सोच पर आधारित यह शो पूरे परिवार को एक साथ देखने, सोचने और खेलने का मौका देगा। अनिल कपूर की खास ऊर्जा और अंदाज के साथ ‘इंडिया के टॉप 1%’ वीकेंड पर फैमिली एंटरटेनमेंट का बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है।

78वें प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स

कहां देखें: JioHotstar

स्ट्रीमिंग डेट: 15 सितंबर

टेलीविजन की दुनिया की सबसे बड़ी अवॉर्ड नाइट एक बार फिर लौट रही है। 78वें प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स में दुनियाभर के चर्चित शोज, कलाकारों और क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा।

‘द पिट’ 25 नॉमिनेशंस के साथ इस साल सबसे आगे है, जबकि ‘हैक्स’ को 24 नॉमिनेशंस मिले हैं। इसके साथ ही ‘हैक्स’ ने एक साल में सबसे ज्यादा नॉमिनेशंस हासिल करने वाली कॉमेडी सीरीज बनकर इतिहास भी रच दिया है।

ड्रामा सीरीज श्रेणी में ‘द पिट’, ‘स्लो हॉर्सेस’, ‘द डिप्लोमैट’, ‘यूफोरिया’ और ‘प्लुरिबस’ जैसे शोज के बीच मुकाबला होगा। वहीं, कॉमेडी श्रेणी में ‘हैक्स’, ‘द बियर’, ‘एबट एलीमेंट्री’, ‘विडोज बे’ और ‘मार्गोज गॉट मनी ट्रबल्स’ अपनी दावेदारी पेश करेंगे।

मारिस्का हार्गिटे द्वारा होस्ट किया जाने वाला यह सितारों से सजा समारोह लॉस एंजिलिस के पीकॉक थिएटर में आयोजित होगा।

लस्ट स्टोरीज 3

कहां देखें: Netflix

रिलीज डेट: 18 सितंबर

चर्चित एंथोलॉजी फ्रेंचाइजी ‘लस्ट स्टोरीज’ चार नई कहानियों के साथ लौट रही है। इसका तीसरा भाग आधुनिक रिश्तों, आकर्षण, इच्छाओं और भावनात्मक उलझनों को अलग-अलग नजरिए से पेश करेगा।

इस बार विक्रमादित्य मोटवाने, किरण राव, शकुन बत्रा और विशाल भारद्वाज जैसे फिल्ममेकर अपनी कहानियां लेकर आए हैं। फिल्म में राधिका आप्टे, कोंकणा सेन शर्मा, अदिति राव हैदरी, राधिका मदान, विजय वर्मा, अभिषेक बनर्जी, सिद्धार्थ, अली फजल और गुरफतेह पीरजादा जैसे कलाकार नजर आएंगे।

ली क्रोनिन्स द ममी

कहां देखें: JioHotstar

रिलीज डेट: 17 सितंबर

हॉरर फिल्मों के शौकीन इस हफ्ते ‘ली क्रोनिन्स द ममी’ को अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं। फिल्म की कहानी एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी बेटी मिस्र में लापता होने के आठ साल बाद अचानक घर लौट आती है।

बेटी के वापस आने की खुशी जल्द ही डर में बदल जाती है, जब परिवार को एहसास होता है कि वह अब पहले जैसी नहीं रही। ‘ईविल डेड राइज’ के लिए मशहूर ली क्रोनिन द्वारा निर्देशित इस फिल्म में जैक रेनर, लाइया कोस्टा और नताली ग्रेस प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

जाकिर खान: पापा यार

कहां देखें: Netflix

रिलीज डेट: 18 सितंबर

अपने नए स्टैंड-अप स्पेशल ‘पापा यार’ में जाकिर खान इस बार अपनी जिंदगी का बेहद निजी और भावनात्मक पहलू दर्शकों के सामने रखेंगे। हास्य और दिल छू लेने वाली कहानी के जरिए वह अपने पिता के साथ अपने रिश्ते और समय के साथ उनके प्रति बदली अपनी समझ के बारे में बात करेंगे।

बचपन की यादों, पारिवारिक संस्कारों और जिंदगी से मिली सीख को समेटता यह स्पेशल उस दौर को दिखाएगा, जब बच्चे अपने माता-पिता को केवल अभिभावक नहीं, बल्कि अपनी अलग कहानी, संघर्ष और सपने रखने वाले इंसान के रूप में समझना शुरू करते हैं।

नेगली

कहां देखें: Prime Video

रिलीज डेट: 16 सितंबर

‘रीचर’ की दुनिया से निकली पहली स्पिन ऑफ सीरीज ‘नेगली’ में मारिया स्टेन, फ्रांसिस नेगली के किरदार में कहानी की कमान संभालती नजर आएंगी। सेना की 110वीं स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट की पूर्व सदस्य नेगली अपने एक करीबी की संदिग्ध मौत का सच जानने के लिए जांच शुरू करती है। 

एक निजी मामले के रूप में शुरू हुई यह जांच जल्द ही उसे एक खतरनाक संगठन और उससे जुड़ी बड़ी साजिश तक पहुंचा देती है। एलन रिचसन भी सीरीज में जैक रीचर की भूमिका में विशेष उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

स्ट्रेंजर थिंग्स: टेल्स फ्रॉम ’85 सीजन 2

कहां देखें: Netflix

रिलीज डेट: 17 सितंबर

‘स्ट्रेंजर थिंग्स’ की दुनिया पर आधारित यह एनिमेटेड स्पिन ऑफ अपने दूसरे और अंतिम सीजन के साथ लौट रहा है। इस बार हॉकिन्स के युवा किरदारों का सामना एक नए रहस्यमयी और अलौकिक खतरे से होगा।

शहर में भूत जैसी रहस्यमयी आकृतियां और खतरनाक जीव दिखाई देने लगते हैं। इन अजीब घटनाओं के बाद यह डर गहराने लगता है कि कहीं अपसाइड डाउन का एक और रास्ता खुलने वाला तो नहीं है।