Saturday , September 12 2026

अनिल कपूर के साथ पहली बार दिखी गणेश आचार्य की जोड़ी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ‘इंडिया के टॉप 1%’ में अनिल कपूर की पहली कव्वाली परफॉर्मेंस को सोशल मीडिया पर शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। जोश से भरपूर इस एंथम में अनिल कपूर की खास झकास एनर्जी और गणेश आचार्य की सिग्नेचर कोरियोग्राफी का बेहतरीन मेल देखने को मिल रहा है। यह पहला मौका है जब दोनों ने किसी गाने के लिए साथ काम किया है। सोशल मीडिया पर गाने को मिल रहे प्यार के बीच गणेश आचार्य ने इस खास अनुभव और दर्शकों की प्रतिक्रिया पर खुशी जाहिर की है।

कव्वाली का निर्देशन और कोरियोग्राफी करने वाले गणेश आचार्य ने कहा, “यह देखकर बेहद खुशी हो रही है कि दर्शक इस गाने को इतना प्यार दे रहे हैं और यह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ‘बात खटकी तो जीत पक्की’ अपनी संस्कृति से जुड़ा हुआ गाना है और इसका हुक सुनते ही जुबान पर चढ़ जाता है। मैंने इसे पहली बार सुना, तभी मेरे मन में इसकी एनर्जी और पर्दे पर दिखने वाले जश्न की पूरी तस्वीर बन गई थी। मैं लंबे समय से अनिल सर के साथ काम करना चाहता था और मुझे खुशी है कि स्टार प्लस ने ‘इंडिया के टॉप 1%’ के जरिए हमें पहली बार साथ काम करने का मौका दिया। चूंकि यह उनकी पहली कव्वाली परफॉर्मेंस थी, इसलिए हमने इसे उनके झकास अंदाज के मुताबिक तैयार किया। उनकी जबरदस्त एनर्जी ने हमारी सोच को पर्दे पर और भी शानदार बना दिया और इस गाने को एक यादगार जश्न में बदल दिया।”