Tuesday , September 8 2026

DDU : ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ से गूंजेगा पोषण जागरूकता का संदेश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम में राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” थीम पर विभिन्न जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रमों का आयोजन गृह विज्ञान विभाग, ललित कला क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में तथा महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. शिवानी श्रीवास्तव के संरक्षण में किया जा रहा है।

राष्ट्रीय पोषण माह के कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ 07 सितम्बर को निबंध प्रतियोगिता के साथ हो चुका है। जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए पोषण, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

वहीं 09 सितम्बर को पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन, 12 सितम्बर को सर्वे, 18 सितम्बर को पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता, 24 सितम्बर को जागरूकता रैली, 25 सितम्बर को रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर तथा 29 सितम्बर को रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन 30 सितम्बर 2026 को अतिथि व्याख्यान के साथ होगा।

इस दौरान जंक फूड के दुष्प्रभाव, पोषण एवं स्वास्थ्य तथा मलिन बस्ती की महिलाओं की पोषणीय स्थिति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर छात्राओं एवं समाज को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही सलाद एवं पौष्टिक पेय तथा मिलेट्स रेसिपी जैसी गतिविधियों के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

प्राचार्य प्रो. शिवानी श्रीवास्तव के अनुसार राष्ट्रीय पोषण माह केवल पोषण संबंधी जानकारी देने का माध्यम नहीं, बल्कि छात्राओं को अपने परिवार एवं समाज में स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करने का अवसर भी है। “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” की भावना समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता और पोषण के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व को रेखांकित करती है।

महाविद्यालय द्वारा आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य छात्राओं में संतुलित आहार, बेहतर स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता तथा सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करना है।