Tuesday , September 8 2026

NCC नामांकन में युवाओं ने दिखाया उत्साह, कर्नल अनिल शर्मा ने किया निरीक्षण


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। शिया पीजी कॉलेज, सीतापुर रोड में सोमवार को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के नए सत्र 2026-27 के लिए नामांकन एवं चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र एनसीसी में शामिल होने के लिए उत्साहित नजर आए। चयन प्रक्रिया का 63 यूपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल अनिल कुमार शर्मा ने निरीक्षण किया और एनसीसी कार्यालय का भी जायजा लिया।

भर्ती प्रक्रिया के दौरान कर्नल अनिल कुमार शर्मा ने उपस्थित छात्रों को संबोधित करते हुए उन्हें देश सेवा, अनुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। एनसीसी के माध्यम से युवाओं को अपने व्यक्तित्व विकास के साथ राष्ट्र सेवा का अवसर भी मिलता है।

इस अवसर पर कॉलेज के एएनओ कैप्टन आगा परवेज मसीह ने कर्नल अनिल कुमार शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

नामांकन एवं चयन प्रक्रिया एएनओ कैप्टन आगा परवेज मसीह के कुशल दिशा-निर्देशन में पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की गई। चयन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने में बटालियन के सूबेदार पंकज कुमार, हवलदार एमके तिवारी तथा शिया पीजी कॉलेज के एनसीसी सहायक अजीत कुमार सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एनसीसी में चयन के लिए पहुंचे छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने चयन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित मानकों का पालन करते हुए अभ्यर्थियों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम के अंत में एनसीसी अधिकारियों ने चयनित कैडेटों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।