Monday , September 7 2026

विशेष बच्चों संग बांटी जन्मदिन की खुशियां


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जन्मदिवस की खुशियां जब जरूरतमंद और विशेष बच्चों के साथ बांटी जाएं तो वह महज एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और सेवा का संदेश बन जाता है। इसी भावना के साथ जन उद्घोष व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री विनोद कुमार सिंह ने अपना जन्मदिवस जयति भारत के मूक-बधिर बच्चों के बीच केक काटकर मनाया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के साथ उनके साथ खुशियां साझा की गईं और स्नेह एवं अपनत्व का भाव प्रकट किया गया।

कार्यक्रम में जन उद्घोष व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष मंगल प्रसाद वर्मा, जिला अध्यक्ष नवीन सिंह, दीपेंद्र मणि सिंह, स्वप्निल मिश्रा और दिवाकर पाण्डेय सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पदाधिकारियों और व्यापारियों ने विनोद कुमार सिंह को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों ने कहा कि विशेष बच्चों के बीच जन्मदिवस मनाकर उनके साथ खुशियां बांटना सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का अनुकरणीय उदाहरण है। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और अपनत्व की भावना को मजबूत करने के साथ जरूरतमंद वर्ग के प्रति सकारात्मक सोच का संदेश भी देते हैं।