Saturday , September 5 2026

लखनऊ मेट्रो के 9 गौरवशाली वर्ष पूरे, 15 करोड़वें यात्री का सम्मान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)।उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने लखनऊ मेट्रो के परिचालन के 9 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 9वां मेट्रो दिवस मनाया। वर्ष 2017 में शुरू हुई लखनऊ मेट्रो ने इन वर्षों में सुरक्षित, तेज, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

9वें मेट्रो दिवस के अवसर पर हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले UPMRC कर्मचारियों को MD’s Medal Awards से सम्मानित किया गया। साथ ही लखनऊ मेट्रो के 15 करोड़वें यात्री एवं शीर्ष GoSmart कार्ड उपयोगकर्ताओं का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई।

विश्व फोटोग्राफी दिवस पर खींची गई तस्वीरों की प्रदर्शनी का अवलोकन

कार्यक्रम की शुरुआत विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित फोटो-वॉक के दौरान फोटोग्राफरों द्वारा खींची गई तस्वीरों की प्रदर्शनी के अवलोकन से हुई।

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और लखनऊ की खूबसूरती, विरासत तथा मेट्रो यात्रा को कैमरे में कैद करने वाले फोटोग्राफरों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर क्यूरेटर भूपेंद्र अस्थाना भी उपस्थित थे।

MD’s Medal Awards

विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले UPMRC कर्मचारियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया।

• प्रोजेक्ट: अमित कुमार सैनी (स्वर्ण), आनंद कुमार झा (रजत), मेहफूज अंसारी (कांस्य)

• ऑपरेशन एवं रोलिंग स्टॉक: नयनी सिंह (स्वर्ण), कामिनी सिंह (रजत), सुमित कुमार (कांस्य)

• मेंटेनेंस: कृष्ण कांत पोखरियाल (स्वर्ण), रिजबान खान (रजत), रेनू चौरसिया (कांस्य)

• सपोर्टिंग स्टाफ: नवीन यादव (स्वर्ण), पूर्णा मजूमदार (रजत), निहाल पाठक एवं अश्वनी पांडेय (कांस्य)

इसके अतिरिक्त आगरा के ताजमहल (TJML) मेट्रो स्टेशन को बेस्ट केप्ट मेट्रो स्टेशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

15 करोड़वें यात्री का सम्मान

लखनऊ मेट्रो की 15 करोड़ यात्रियों की उपलब्धि के अवसर पर हिमांशी कश्यप को 15 करोड़वें यात्री के रूप में सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

शीर्ष 3 GoSmart कार्ड उपयोगकर्ताओं का सम्मान

लखनऊ मेट्रो के नियमित एवं सर्वाधिक GoSmart कार्ड उपयोग करने वाले यात्रियों को भी सम्मानित किया गया। जिसमें प्रथम अनामिका मिश्रा, द्वितीय मोहम्मद मोइन-उल-हक और तृतीय एल.पी. मौर्य रहे। तीनों यात्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर आयोजित समारोह में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। लखनऊ पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने “पुष्पक से मेट्रो तक” थीम पर नाटक प्रस्तुत किया। जिसमें प्राचीन काल से आधुनिक मेट्रो तक परिवहन के विकास को रोचक ढंग से दर्शाया गया।

इस अवसर पर UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि लखनऊ मेट्रो के 9 वर्षों का सफल सफर कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने कहा कि UPMRC ने प्रति यात्री किराया राजस्व में 30% अधिक, प्रति किलोमीटर आय में 29% अधिक और गैर-किराया राजस्व प्रति किलोमीटर में 95% अधिक प्रदर्शन दर्ज किया है। साथ ही सिग्नलिंग विश्वसनीयता में 75% अधिक और ऊर्जा दक्षता में बेहतर प्रदर्शन UPMRC की कार्यक्षमता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि UPMRC ने नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर का निर्माण निर्धारित समय से पहले पूरा किया है और अब ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य है। यह कॉरिडोर पुराने लखनऊ को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा और क्षेत्र के निवासियों के आवागमन को और सुगम बनाएगा। उन्होंने कहा कि UPMRC लखनऊ के लोगों को सुरक्षित, विश्वसनीय, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय मेट्रो सेवा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।