Saturday , September 5 2026

बाल निकुंज : कक्षा छोड़ मंच पर उतरे गुरुजी, फिल्मी गानों पर टीचर्स ने बिखेरा जलवा

लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। आमतौर पर शिक्षण संस्थानों में मंच बच्चों की प्रतिभा का गवाह बनता है, लेकिन शनिवार को नजारा कुछ अलग था। कक्षा में अनुशासन और शिक्षा का पाठ पढ़ाने वाले शिक्षक-शिक्षिकाएं जब मंच पर उतरे तो पूरा माहौल मस्ती, उमंग और उत्साह से सराबोर हो गया।

“सिलसिला ये चाहत का न मैंने बुझने दिया…”, “धूप में न निकला करो रूप की रानी…”, “हमको तुमसे प्यार है…” और “मेरा मन डोले, मेरा तन डोले…” जैसे फिल्मी गीतों पर टीचर्स ने ऐसे धमाकेदार ठुमके लगाए कि दर्शक दीर्घा तालियों से गूंज उठा। मौका भी खास था शिक्षक दिवस का और शिक्षकों को भी अपने हुनर का जलवा बिखेरने का पूरा अवसर मिला।

 यह मनमोहक नजारा बाल निकुंज स्कूल्स एण्ड कालेजेज की मोहिबुल्लापुर गर्ल्स शाखा में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में देखने को मिला। कार्यक्रम में जहां शिक्षकों की उत्कृष्ट शैक्षिक सेवाओं और वार्षिक उपलब्धियों के लिए सम्मान किया गया, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।

शिक्षकों की प्रस्तुतियों का सिलसिला आगे बढ़ा तो “जो है अलबेला मद नैनो वाला…”, “आजा नच ले नच ले मेरे यार तू नच ले…”, “ये पर्दा हटा दो जरा मुखड़ा दिखा दो…” और “क्या खूब लगती हो, बड़ी सुन्दर दिखती हो…” जैसे लोकप्रिय फिल्मी गीतों पर टीचर्स ने शानदार डांस प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

मंच पर शिक्षकों का उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था। हर प्रस्तुति के बाद सभागार करतल ध्वनि से गूंजता रहा। शिक्षकों ने अपनी प्रस्तुतियों से यह भी साबित कर दिया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ कला और मनोरंजन के मंच पर भी किसी से कम नहीं हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल ने मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके बाद प्रधानाचार्यों एवं इंचार्जों के साथ प्रबंध निदेशक ने पुष्प वर्षा करते हुए आरती उतारी और सभी शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के प्रति सम्मान अर्पित किया।

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि डीके अरजवानी (जोनल हेड, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया) तथा विशिष्ट अतिथि मनोज कुमार सक्सेना (रीजनल मैनेजर, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया) मौजूद रहे। अतिथियों ने सभी शाखाओं के प्रधानाचार्यों एवं इंचार्जों सहित 285 शिक्षकों को उनकी उत्कृष्ट वार्षिक उपलब्धियों के लिए विभिन्न पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, प्रबंधिका पुष्पा जायसवाल ने संस्थान के 130 शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विभिन्न पुरस्कार प्रदान कर उनके योगदान और सेवाओं के लिए सम्मानित किया।

समारोह में प्रबंधिका पुष्पा जायसवाल, प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल, कोआर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, चेयरमैन आयूष जायसवाल, प्रधानाचार्या रश्मि शुक्ला, डॉ. अनूप कुमारी शुक्ला, भगवती भंडारी सहित विभिन्न शाखाओं के इंचार्ज, शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

 शिक्षक दिवस के इस समारोह में सम्मान, संगीत और मनोरंजन का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसमें शिक्षकों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरा तो सहकर्मियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।