Friday , August 21 2026

‘इग्नाइट द अनसीन’ थीम पर TEDxIIHMR U के चौथे संस्करण में नए विचारों पर मंथन

जयपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। IIHMR यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को टेडएक्स आईआईएचएमआर यू (TEDxIIHMR U) के चौथे एडिशन का आयोजन हुआ। इस साल कार्यक्रम की थीम ‘इग्नाइट द अनसीन’ रही। कार्यक्रम में ऐसे लोगों और उनके काम से जुड़ी बातें सामने आईं, जिन पर आमतौर पर कम चर्चा होती है, लेकिन जिनके विचार और प्रयास समाज में बदलाव ला सकते हैं।

कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े वक्ताओं ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। इनमें पद्म भूषण से सम्मानित और दर्पणा एकेडमी की डायरेक्टर डॉ. मल्लिका साराभाई, क्योर.एआई (Qure.ai) में चीफ मेडिकल ऑफिसर-ग्लोबल हेल्थ डॉ. शिबू विजयन, 2006 इंटरनेशनल चिल्ड्रन्स पीस प्राइज विजेता और पाठशाला ट्रस्ट के संस्थापक ओम प्रकाश गुर्जर, राउंडग्लास म्यूजिक की लीड, सिंगर, कंपोजर और म्यूजिकोलॉजिस्ट गौरी यदवाडकर, उद्यमी, वाइल्डलाइफ कंजर्वेशनिस्ट और मेडिका ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर आर. उदयन लाहिरी तथा नेशनल अवॉर्ड विजेता दिव्यांग अधिकार कार्यकर्ता और एटीएफ के सीईओ एवं को-फाउंडर प्रतीक माधव शामिल रहे।

वक्ताओं ने परफॉर्मिंग आर्ट्स, पब्लिक हेल्थ, चाइल्ड राइट्स, असिस्टिव टेक्नोलॉजी, म्यूजिक,एंटरप्रेन्योरशिप और वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन जैसे अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। बातचीत के दौरान उन लोगों, विचारों और प्रयासों पर भी चर्चा हुई। जो अक्सर मुख्यधारा की चर्चा से दूर रह जाते हैं, लेकिन समाज को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।

कार्यक्रम में थिएटर कलाकार अभिषेक मुदगल की विशेष प्रस्तुति भी हुई। थिएटर डायरेक्टर, एक्टर, रंग मस्तानेय के फाउंडर और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, नई दिल्ली में स्टेज मैनेजर अभिषेक मुदगल ने ‘महारथी’ प्रस्तुति के जरिए TEDxIIHMR U के मंच पर थिएटर का अलग रंग जोड़ा। कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से आए वक्ताओं के विचारों के जरिए हेल्थ, इनोवेशन, एंटरप्रेन्योरशिप, सोशल इम्पैक्ट, कल्चर और आर्ट्स से जुड़े विषयों पर बातचीत हुई।

आईआईएचएमआर स्टार्टअप्स की डायरेक्टर यामिनी अग्रवाल ने कहा, “इस एडिशन में अलग-अलग क्षेत्रों और अनुभवों से जुड़े लोगों ने अपने विचार साझा किए। अलग-अलग विषयों, सोच और जीवन के अनुभवों को एक साथ लाने वाली बातचीत से ही नए विचारों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है।”

आईआईएचएमआर यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट डॉ. पी.आर. सोडानी ने कहा, TEDxIIHMR U ऐसे विचारों और अनुभवों को सामने लाने का एक मंच है, जो हमारी सोच को एक नया नजरिया दे सकते हैं। ‘इग्नाइट द अनसीन’ की थीम उन आवाजों और योगदानों को सामने लाने की सोच को दर्शाती है, जिन्हें अधिक ध्यान दिए जाने की जरूरत है।”

TEDxIIHMR U की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी। तब से यह कार्यक्रम अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर नए विचारों और अनुभवों पर बातचीत का अवसर देता रहा है। टेडएक्स स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाले स्वतंत्र कार्यक्रमों की एक पहल है, जहां लोग टेड जैसी बातचीत और अनुभव का हिस्सा बनते हैं।

टेडएक्स कार्यक्रमों में टेड टॉक्स के वीडियो और लाइव स्पीकर्स के जरिए विचारों और बातचीत को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाता है। इन कार्यक्रमों का आयोजन स्थानीय स्तर पर स्वतंत्र रूप से किया जाता है, जबकि टेड की ओर से टेडएक्स कार्यक्रमों के लिए सामान्य दिशा-निर्देश दिए जाते हैं।