मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सन नियो ने हाल ही में अपने आगामी शो राजनंदिनी की घोषणा की है। यह बदला, रहस्य और अलौकिक घटनाओं से भरी एक दिलचस्प कहानी है। शो में नेहा सोलंकी मुख्य किरदार राजनंदिनी की भूमिका निभा रही हैं। राजनंदिनी एक ऐसी लड़की है, जो अपनी परंपराओं से गहराई से जुड़ी हुई है।
अपने किरदार के बारे में नेहा सोलंकी ने कहा, “राजनंदिनी बहुत ही खुशमिजाज, जिंदादिल और हर चीज को जानने की उत्सुकता रखने वाली लड़की है। वह अपने पुश्तैनी घर से दूर पली-बढ़ी है लेकिन फिर भी अपनी परंपराओं से बहुत गहराई से जुड़ी हुई है। भगवान शिव में उसकी गहरी आस्थ है। वह बेबाक और ईमानदार है और जो महसूस करती है, उसे खुलकर कहती है। उसका स्वभाव बहुत मासूम और सकारात्मक है। मुझे उसकी यह बात बहुत पसंद है कि वह छोटी-छोटी चीजों में भी खुशी ढूँढ लेती है। मुझे लगता है कि दर्शक उसकी सादगी और गर्मजोशी से तुरंत जुड़ जाएँगे।”
उन्होंने कहा, “राजनंदिनी का किरदार इसलिए खास है, क्योंकि उसमें जितना दिखाई देता है, उससे कहीं ज्यादा छिपा है। जब शो शुरू होगा, तब दर्शकों को उसके व्यक्तित्व के कई अलग-अलग पहलू देखने को मिलेंगे और धीरे-धीरे समझ आएगा कि राजनंदिनी को इतना खास क्या बनाता है। मैं कहानी से जुड़ी ज्यादा बातें अभी नहीं बता सकती, लेकिन इतना जरूर कहूँगी कि राजनंदिनी का सफर उसके व्यक्तित्व के ऐसे पहलू को सामने लाएगा, जिसके बारे में शायद वह खुद भी नहीं जानती। मैं दर्शकों से राजनंदिनी की मुलाकात कराने उसके सफर को उनके सामने लाने और इस खूबसूरत किरदार को उनके साथ जीने के लिए बहुत उत्साहित हूँ।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal