Monday , August 17 2026

आदर्श कॉलोनी में धूमधाम से मनाई गई हरियाली तीज

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आदर्श कॉलोनी में हल्ला गुल्ला ग्रुप की ओर से हरियाली तीज का उत्सव होटल रत्न इंटरनेशनल में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सपना खंडेलवाल, रीता वर्मा और प्रिया ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय पार्षद शिवम उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद भगवान गणेश की वंदना की गई। समारोह में महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।

इस अवसर पर तीज क्वीन और 16 श्रृंगार प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक परिधानों और श्रृंगार के साथ महिलाओं ने सावन और तीज की संस्कृति को जीवंत किया।

पार्षद शिवम उपाध्याय ने कहा कि सावन और तीज जैसे पारंपरिक उत्सवों को आपसी प्रेम, सौहार्द और मनोरंजन के साथ मनाने से सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक मान्यताओं को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं।