लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को तिरंगा कंसर्ट की रंग-बिरंगी छटा से परिसर गुलजार रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्रों की देशभक्ति की खुशबू से सजी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया।
कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित तिरंगा कंसर्ट के मुख्य अतिथि बीकेटी विधानसभा के विधायक श्री योगेश शुक्ला रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि तिरंगे की शान के लिए अनेकों वीरों ने अपने आप को बलिदान कर दिया। इसलिए आज के युवाओं पर जिम्मेदारी है कि वे देश और तिरंगे की शान की रक्षा करें। युवाओं को शहीदों के बारे में भी जानना चाहिए। वित्त अधिकारी केशव सिंह ने विजयी विश्व तिरंगा प्यारा गीत और उसके जरिये देश प्रेम की गाथा पर प्रकाश डाला। कहा कि युवाओं को देश के प्रति जिम्मेदार होना चाहिए।

शहीद शशांक तिवारी के परिजनों ने वीरता को किया याद
कार्यक्रम के दौरान सेना के लेफ्टिनेंट मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित शहीद शशांक तिवारी के पिता और बहन ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर उनकी वीरता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि शशांक शुरू से ही होनहार और हर क्षेत्र में आगे थे। उन्होंने छोटी उम्र में देश के लिए कुर्बानी दी। हमें उन पर गर्व है। आज के बच्चों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
सुरों और नृत्य से बांधा समां
कार्यक्रम में छात्रों ने देश की अनेकता में एकता की शक्ति का दर्शन कराया। विभिन्न प्रदेशों की पहचान में सजे छात्र-छात्राओं ने उस प्रदेश के बारे में बताया। बेहद आकर्षक इस प्रस्तुति ने मन मोह लिया।

छात्रों ने एकल गायन, एकल नृत्य, ग्रुप नृत्य से देश भक्ति का माहौल बना दिया। अपने नृत्य और गायन से प्रतिभा का भी परिचय कराया। अंत में पिरामिड के रूप में छात्रों ने तिरंगा लहराकर देश प्रेम का जज्बा दिखाया। इस मौके पर कुलसचिव रीना सिंह, उप कुलसचिव डॉ. आरके सिंह, डॉ. आकाश वेद, डॉ विनय चतुर्वेदी सहित अन्य शिक्षक अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन उपकुलसचिव डॉ. आयुष श्रीवास्तव ने किया जबकि धन्यवाद एसो0 डीन इनोवेशन डॉ0 अनुज कुमार शर्मा ने दिया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal