लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आसमान में छाये घने बादलों के बीच रविवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश से भले ही राजधानीवासियों को चिलचिलाती गर्मी व उमस से कुछ राहत मिली हो लेकिन नगर निगम की लापरवाही के चलते मुख्य मार्गो के साथ ही गली मोहल्लों में हुये जलभराव ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी। आधे-अधूरे नाले-नालियों की सफाई से कई इलाकों में पानी भर गया और राजधानीवासियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

जानकीपुरम, लाला लाजपत राय, भारतेंदु हरिश्चन्द्र वार्ड की सड़कें तालाब बन गई और घरों में भी पानी घुस गया। सड़कों पर कई फुट पानी भर जाने के चलते राहगीरों को खासी मुसीबतों का सामना करना पड़ा और कई वाहन भी बंद हो गये। यहीं नहीं सड़कों में गड्ढे होने के कारण कई वाहन चालक व राहगीर गिरकर चोटिल हो गए।


वहीं नगर निगम जोन-3 के अंतर्गत टेढ़ी पुलिया स्थित फ्लड पंपिंग स्टेशन में रविवार सुबह बिजली आपूर्ति बाधित होने से आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था ठप हो गई। समस्या की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा तत्काल मौके पर पहुंचे। विधायक के पहुंचने की सूचना मिलते ही नगर आयुक्त सहित नगर निगम के अधिकारी भी आनन-फानन में पंपिंग स्टेशन पहुंचे और तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान कर सभी पंप चालू कराया।

इसके बाद विधायक डॉ. नीरज बोरा ने खदरा शिवलोक स्थित हार्डिंग-2 पंपिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया। यहां एमसीबी जल जाने के कारण जल निकासी प्रभावित थी। विधायक ने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. नीरज बोरा ने नगर आयुक्त गौरव कुमार से कहाकि पंपिंग सेट चलने में बिलम्ब क्यों हुआ? इसकी समीक्षा होनी चाहिए। बातचीत के दौरान अधिशासी अभियंता नजमी मुजफ्फर को फटकार लगाते हुए विधायक ने कहा कि वह अपनी कार्यशैली में आवश्यक सुधार करें। जल निकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


उन्होंने कहा कि पंपिंग स्टेशनों में संसाधनों की जो भी कमी होगी, उसे तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा। किसी भी कीमत पर पंपिंग सेट बंद नहीं होने चाहिए और उन्हें आवश्यकता के अनुसार लगातार संचालित रखा जाए, ताकि क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में इस प्रकार की समस्या की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी पंपिंग स्टेशनों और विद्युत उपकरणों की नियमित निगरानी एवं समय-समय पर जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लापरवाही के कारण दोबारा जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हुई तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्र में जलभराव की समस्या न हो इसके लिये टेढ़ी पुलिया स्थित पंपिंग स्टेशन में पहले तीन पंप थे। विधायक डॉ. नीरज बोरा के प्रयासों से पिछले तीन वर्षों में यहां चार और पंप स्थापित कराए गए हैं।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता, चीफ इंजीनियर आर.आर. मनोज कुमार, लाला लाजपत राय वार्ड के पार्षद राघव राम तिवारी और जानकीपुरम प्रथम वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी सहित नगर निगम के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal