गुरुग्राम (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर चेतना संस्था द्वारा गुरुग्राम में कामकाजी बच्चों के साथ विशेष रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बच्चों ने “वंदे मातरम्” की थीम पर आधारित देशभक्ति गीत, नृत्य, कविता, भाषण एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और उमंग के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।


तिरंगे के रंगों और देशभक्ति के गीतों से सजे वातावरण में बच्चों ने “वंदे मातरम्” के माध्यम से देश के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को देश की स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्रीय एकता, नागरिकों के अधिकारों एवं जिम्मेदारियों के बारे में भी जानकारी दी गई।


चेतना संस्था के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर राजेंद्र कुमार ने कहा, “वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश के प्रति प्रेम, सम्मान और एकता की भावना का प्रतीक है। हमारा प्रयास है कि सड़क एवं कामकाजी बच्चों को भी ऐसे अवसर मिलें, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ-साथ देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझ सकें।”

कार्यक्रम में बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित किया गया। गीत, नृत्य, कविता और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने स्वतंत्रता दिवस की भावना को जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम के समापन पर बच्चों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने तथा एक बेहतर और समावेशी भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal