Tuesday , August 11 2026

किसानों के द्वार पहुंचेगा यूपी सहकारी ग्राम विकास बैंक

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड की प्रबंध समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों के निर्वाचन के बाद मंगलवार को बैंक मुख्यालय में प्रबंध समिति की पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर उपस्थित रहें। सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर ने पुष्पगुच्छ देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

बैठक में राज्यमंत्री ने नवनिर्वाचित प्रबंध समिति के सदस्यों, उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश सरकार की नीतियों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप बैंक की व्यावसायिक गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक की योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचना चाहिए और बैंक को किसानों के द्वार तक ले जाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाए।

बैठक में बैंक की प्रत्येक शाखा, जनपद एवं मंडल स्तर पर जनप्रतिनिधियों को जोड़कर बैंक के निर्धारित उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। साथ ही प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने और उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।

प्रबंध समिति ने बैंक के कारोबार को बढ़ाने के लिए नई योजनाएं लागू करने तथा किसानों को अधिक से अधिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। बैठक में बैंक को नई दिशा देने और ग्रामीण एवं किसान हित में उसकी भूमिका को और मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर ने कहा कि बैंक को किसानों के लिए अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।