Saturday , August 8 2026

पात्र किसानों तक ऋण योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता : विवेक सिंह तोमर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के नवनिर्वाचित सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर ने उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड की शाखा सदर, जनपद लखनऊ का भ्रमण किया। इस अवसर पर बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सभापति का स्वागत और अभिनंदन किया।

सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर ने शाखा के कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रधान कार्यालय द्वारा निर्धारित ऋण वितरण एवं वसूली के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने तथा अधिक से अधिक पात्र किसानों एवं लाभार्थियों तक बैंक की ऋण योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष कैंप आयोजित कर ऋण वितरण करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बैंक की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही ऋण वितरण के साथ ऋणों की नियमित वसूली पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक कमलेश कुमार शुक्ला सहित शाखा के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।