लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय खेलों में उस वक्त एक बड़े बदलाव की शुरुआत हुई जब वीमेन्स प्रो वॉलीबॉल लीग (WPVL) की आधिकारिक शुरुआत की गई। यह विशेष रूप से महिला वॉलीबॉल को समर्पित देश की पहली राष्ट्रीय, फ्रेंचाइजी-आधारित प्रोफेशनल लीग है। इस पहल को पावर स्पाइक इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रमोट किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिला एथलीटों के लिए लंबे समय तक चलने वाला प्रोफेशनल स्पोर्ट्स सिस्टम बनाना है।
इस आधिकारिक अनावरण समारोह का आयोजन द सेंट्रम, में राइजिंग क्वीन ऑफ द कोर्ट थीम के तहत किया गया। इस समारोह में वरिष्ठ सरकारी गणमान्य व्यक्तियों, खेल प्रशासकों और बिजनेस लीडर्स ने भाग लिया। जिनमें उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, खेलमंत्री गिरीश चंद्र यादव, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह सहित कई गणमान्य शामिल थे।

खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने वीमेन्स प्रो वॉलीबॉल लीग के शुभारंभ पर आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि देश में पहली बार इस तरह की महिला प्रो वॉलीबॉल लीग आयोजित की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मंच प्रदेश और देश की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देगा और भविष्य में वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करेंगी।
उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल तैयार करती हैं, जिससे नई प्रतिभाओं की पहचान होती है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। यह लीग महिला खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगी।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि बेटियां घर की सीमाओं से बाहर निकलकर खेल जगत में न सिर्फ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं बल्कि देश ही नहीं, पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन कर रही हैं। खेल महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और त्वरित निर्णय लेने की शक्ति विकसित करते हैं।
परिवहन मंत्री ने कहा कि खेल समानता का सबसे बड़ा मंच है, जहां न जाति होती है और न धर्म, बल्कि सभी केवल खिलाड़ी होते हैं। खेल टीम भावना, अनुशासन और एक-दूसरे के सहयोग की सीख देते हैं। उन्होंने कहा कि जब बेटियां स्वस्थ और सशक्त होंगी, तभी समाज और देश भी मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार क्रिकेट को देशभर में अपार लोकप्रियता मिली है, उसी तरह महिला प्रो वॉलीबॉल लीग भी भविष्य में नई पहचान बनाएगी और वॉलीबॉल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

लॉन्च के अवसर पर, डब्लूपीवीएल के संस्थापक बुखरात अहमद ने बताया कि इस टूर्नामेंट का पहला संस्करण 1 नवंबर से 11 नवंबर, 2026 तक लखनऊ के इकाना इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा। 11 दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में छह शहर-आधारित फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। जिसमें 84 उत्कृष्ट पेशेवर एथलीटों का दल शामिल होगा, यानी प्रत्येक टीम में 14 खिलाड़ी होंगे।
उन्होंने कहा, दुनियाभर में वॉलीबॉल के 800 मिलियन से ज्यादा खिलाड़ी और फैंस हैं। इसके बावजूद, भारत की महिला खिलाड़ियों को इस खेल में अपना करियर बनाने के लिए कभी कोई पक्का और बड़ा मंच नहीं मिला। WPVL इसी कमी को दूर करने के लिए शुरू की गई है। इसका मकसद निजी निवेश को बढ़ावा देना, खिलाड़ियों का सही विकास करना और जमीनी स्तर पर खेल को मजबूत बनाकर इसे एक बेहतरीन करियर विकल्प बनाना है।

बुखरात अहमद ने इस बात पर जोर दिया कि प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए सही मौके, पहचान और पेशेवर मदद की जरूरत होती है। उनका मकसद एक ऐसा माहौल बनाना है जहाँ महिला खिलाड़ी प्रोफेशनल तरीके से खेल सकें और आने वाली पीढ़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दे सकें। टीमों के नाम (फ्रेंचाइजी की पहचान), खिलाड़ियों की नीलामी की प्रक्रिया और प्रसारण साझेदारी की जानकारी आने वाले हफ्तों में दी जाएगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal