Tuesday , July 28 2026

सम्मान, साहित्य और संस्कृति के रंगों से सजा अपराजिता का तीसरा वार्षिकोत्सव

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अपराजिता जज्बा जीत का नेशनल वेलफेयर ट्रस्ट का तीसरा वार्षिकोत्सव अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। ‘अपराजिता आरोहण-2026 : संकल्प से सिद्धि तक’ थीम पर आयोजित इस समारोह में शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुस्तक विमोचन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अध्यक्ष प्रो. सीमा सरकार ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि प्रो. शिशिर कुमार पांडे, कार्यक्रम अध्यक्ष सर्वेश अस्थाना तथा विशिष्ट अतिथि मुकुल महान सहित अन्य अतिथियों का सम्मान संस्था के पदाधिकारियों ने किया।

संस्था की संस्थापक एवं सचिव डॉ. अनुपमा श्रीवास्तव ने संस्था की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। अनुष्का समूह की ईश वंदना के बाद मनु राय ने अपने गीत ‘अगर तुम साथ हो’ की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर संस्था की पत्रिका ‘अपराजिता संवाद’ और वर्ष 2026 के कैलेंडर का विमोचन किया गया। साथ ही लेखिका बरखा सिंह की पुस्तक ‘वामांग’ तथा इंजीनियर डॉ. मनोज श्रीवास्तव की पुस्तक ‘कविताओं का कारवां’ का भी लोकार्पण किया गया।

समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘अपराजिता आरोहण सम्मान’ रहा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रो. अमिता बाजपेई तथा समाजसेवा के क्षेत्र में श्रीमती स्वाति शर्मा को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त सारथी सम्मान, अपराजिता सहोदर सम्मान, अपराजितांजलि सम्मान, जय राम जी सुर साधक सम्मान, ज्योति सम्मान सहित विभिन्न श्रेणियों में संस्था से जुड़े सदस्यों और साहित्यकारों को सम्मान प्रदान किए गए। संगठन मंत्री स्वर्गीय आरती सक्सेना को मरणोपरांत ज्योति सम्मान से नवाजा गया, जिसे उनके परिजनों ने ग्रहण किया।

कार्यक्रम के दौरान लोकगीत, गायन और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। आशा श्रीवास्तव के मधुर गीत और मालविका शरद के नृत्य ने विशेष सराहना बटोरी। समापन प्रस्तुति अर्चना सक्सेना और योगिता के नृत्य ने दी।

संस्था द्वारा वर्षभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। वाद-विवाद, रेट्रो जश्न-ए-माज़ी और करवा चौथ काव्य प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।