Tuesday , September 8 2026

पासपोर्ट सेवाएं होंगी और आसान, विशेष अभियान के साथ बदली शिकायत निवारण प्रक्रिया

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुगम, त्वरित और नागरिक-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने 01 अगस्त 2026 को विशेष पासपोर्ट सेवा अभियान आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस विशेष अभियान के तहत अवकाश के दिन भी अतिरिक्त अपॉइंटमेंट उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि लंबित आवेदनों का दबाव कम हो सके और अधिक से अधिक नागरिकों को समयबद्ध पासपोर्ट सेवाएं मिल सकें।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ज्ञानवीर सिंह (आईएफएस) ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ के अधिकार क्षेत्र में संचालित सभी चार पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीएसके) तथा 33 पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके) में अतिरिक्त अपॉइंटमेंट स्लॉट उपलब्ध रहेंगे। इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल www.passportindia.gov.in पर जाकर अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं और निर्धारित तिथि पर संबंधित केंद्र में पहुंचकर पासपोर्ट आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

उन्होंने सभी आवेदकों से अपील की है कि वे समय रहते उपलब्ध अतिरिक्त अपॉइंटमेंट स्लॉट का चयन करें तथा निर्धारित समय पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों एवं उनकी स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ संबंधित पासपोर्ट सेवा केंद्र या पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र में उपस्थित हों, जिससे आवेदन प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सके।

इसके साथ ही क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने नागरिकों को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जन शिकायत निवारण कार्यक्रम की प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया है। कार्यालय के अनुसार 17 अगस्त 2026 से आयोजित होने वाले जन शिकायत निवारण कार्यक्रम में केवल ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेकर आने वाले आवेदकों को ही प्रवेश और सुनवाई की अनुमति दी जाएगी। इसके साथ ही ऑफलाइन पंजीकरण एवं सीधे प्रवेश की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी।

अब किसी भी शिकायत या समस्या के समाधान के लिए आवेदकों को पहले पासपोर्ट सेवा पोर्टल www.passportindia.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि और समय पर अपॉइंटमेंट की पुष्टि तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने पर ही उनकी शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा।

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे नई व्यवस्था का पालन करते हुए समय पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करें, ताकि उन्हें पासपोर्ट सेवाओं एवं शिकायत निवारण प्रक्रिया का लाभ बिना किसी असुविधा के प्राप्त हो सके।