लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ममता सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंद्रानगर में भारतीय शिक्षा समिति, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में प्रांतीय विषय प्रमुखों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य शैक्षिक गतिविधियों की समीक्षा तथा भावी योजनाओं पर विचार-विमर्श करना रहा। बैठक में डॉ. सौरभ मालवीय (मंत्री, विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश) ने उपस्थित प्रान्तीय विषय संयोजको से शैक्षणिक गुणवत्ता, पाठ्यक्रम क्रियान्वयन और आगामी शैक्षिक योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।


कार्यक्रम में सुरेश सिंह, उत्तम कुमार मिश्र, अवधेश सिंह, गोपाल राम, अचल नारायण गिरि, मनीष शुक्ल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। विद्यालय की प्रधानाचार्या निरुपमा सिंह ने सभी आगंतुक अतिथियों का औपचारिक परिचय कराया। बैठक के प्रथम सत्र में डॉ. सौरभ मालवीय ने विषय प्रमुखों से उनके द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए भावी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार आधारित शिक्षण तथा विषयगत नवाचारों पर विशेष बल दिया।

द्वितीय सत्र में प्रदेश निरीक्षक रामजी सिंह ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से सभी विषय प्रमुखों से उनके-अपने कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। बैठक का समापन भारतीय शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरेंद्र श्रीवास्तव के उद्बोधन के पश्चात शैक्षिक उन्नयन के संकल्प के साथ हुआ।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal