Thursday , July 23 2026

AKTU : नई तकनीकी में दक्ष होंगे शिक्षक, एफडीपी के लिए संस्थानों से मांगे प्रस्ताव

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय नई एवं उभरती तकनीकी में छात्रों को काबिल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। साथ ही शिक्षकों को भी प्रशिक्षित करने पर जोर है। इसी क्रम में कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय के निर्देशन में नई तकनीकी पर फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का प्रस्ताव देने के लिए संबद्ध संस्थानों को पत्र जारी किया गया है। संस्थान 27 जुलाई से 12 अगस्त के बीच एफडीपी का प्रस्ताव दे सकेंगे। एफडीपी ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनोें माध्यमों से होगी। एफडीपी ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों माध्यमों से होगी। 

सामयिक हो एफडीपी का विषय

नई शिक्षा नीति से जुड़ने के लिए छात्रों के साथ शिक्षकों का भी नई तकनीकी में प्रशिक्षण जरूरी है। इसलिए एफडीपी का विषय न केवल समसामयिक हो बल्कि बहुविषयी स्वरूप का भी होना चाहिए। साथ ही शिक्षकों को कौशलपूर्ण बनाने के लिए सिखाने एवं सीखने की प्रक्रिया वाला हो। इसके अलावा शोध, नवाचार, उद्यमिता एवं उद्योगों की जरूरतों के मुताबिक होना चाहिए। प्रशिक्षण देने के लिए आईआईटी, एनआईटी के विशेषज्ञों के साथ ही करीब 25 प्रतिशत उद्योगों के विशेषज्ञ के तौर पर प्रशिक्षण देंगे।  

नई तकनीकी में एफडीपी

एफडीपी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं इंटेलिजेंट सिस्टम, क्वॉन्टम कम्प्यूटिंग एंड क्वॉटंम टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी एंड डिजिटल ट्रस्ट, लार्ज लैंग्वेज मॉडल, जेनेरेटिव एआई एंड इंटेलिजेंट एप्लीकेशन, इलेक्ट्रिक व्हेकिल, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, रोबोटिक्स एंड इंटेलिजेंट मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल माकेर्टिंग, सर्कुलर इकोनॉमी एंड सस्टनेबल डेवलपमेंट, इमर्जिंग ट्रेंड इन फॉर्मेसी, बायोटेक्नोलॉजी, आर्किटेक्चर एंड एलाइड, ग्रीन टेक्नोलॉजी, कार्बन कैप्चर, यूटिलाइजेशन एंड स्टोरेज, प्रोफेशनल्स एथिक्स, ह्यूमन वैल्यू एंड रिस्पॉन्सेबल इनोवेशन विषय निर्धारित किये गये हैं। डीन फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी एकेटीयू प्रो0 अरूण कुमार तिवारी की ओर से सभी संस्थानों को प्रस्ताव के लिए पत्र जारी किया गया है। ऑनलाइन एफडीपी के लिए डेढ़ लाख एवं ऑफलाइन एफडीपी के लिए 88 हजार रूपये दिये जाएंगे।