लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की तीनों शाखाओं के वर्ष 2026 के यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा के 231 मेधावी छात्र-छात्राओं को गुरुवार को आयोजित भव्य सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया गया। समारोह का आयोजन बाल निकुंज इंटर कॉलेज मोहिबुल्लापुर गर्ल्स विंग स्थित शिव सहाय जी सभागार में किया गया।

बतौर मुख्य अतिथि मौजूद डॉ. सी.एम. सिंह (निदेशक, डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, लखनऊ) ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सम्मान समारोह में बाल निकुंज इंटर कॉलेज (ब्वॉयज विंग) के यश वर्मा ने 94.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीनों शाखाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। इसी शाखा के दिव्यांश तिवारी ने 94.33 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा और बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल पल्टन छावनी शाखा के शिवम श्रीवास्तव ने 93.67 प्रतिशत अंक अर्जित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय प्रबंधन ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया। 91 से 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले 10 विद्यार्थियों को रूबी अवार्ड, 86 से 90 प्रतिशत अंक पाने वाले 25 विद्यार्थियों को पर्ल अवार्ड, 81 से 85 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले 42 विद्यार्थियों को सफायर अवार्ड, 76 से 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले 52 विद्यार्थियों को इमराल्ड अवार्ड, 71 से 75 प्रतिशत अंक पाने वाले 54 विद्यार्थियों को कोरल अवार्ड, 66 से 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले 35 विद्यार्थियों को जेम अवार्ड तथा 60 से 65 प्रतिशत अंक अर्जित करने वाले 13 विद्यार्थियों को ओपल अवार्ड प्रदान किए गए।

इस अवसर पर बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, शिव सहाय गर्ल्स पीजी कॉलेज के चेयरमैन आयुष जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, तीनों शाखाओं के प्रधानाचार्य, इंचार्ज, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर सभी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal