Thursday , July 23 2026

KBC 18 का नया प्रोमो रिलीज, अमिताभ बोले— ‘इस बार…सोचना पड़ेगा’

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न ने कौन बनेगा करोड़पति सीज़न 18 का नया प्रोमो अनावरण किया है। जिसमें महानायक अमिताभ बच्चन एक शानदार गोल्फ कोर्स सेटिंग में दिखाई दे रहे हैं। विचारोत्तेजक संदेश के साथ यह प्रोमो शो में आने वाले रोमांचक नए ट्विस्ट की ओर इशारा करता है जहाँ अब सिर्फ तेज़ जवाब ही सफलता की कुंजी नहीं होंगे।

प्रोमो गोल्फ कोर्स की हरी भरी पृष्ठभूमि पर खुलता है, जहाँ अमिताभ बच्चन उस सबक पर विचार करते हैं जिस पर हममें से कई लोग बड़े होते समय विश्वास करते रहे। वे कहते हैं, “बचपन में हमें सिखाया गया था कि जो पहला जवाब दे, सबसे सही वही है। लेकिन जिंदगी में कई बार, पहला जवाब ही सही नहीं होता। तो इस बार केबीसी में, जवाब देने से पहले खुद को जरा रोकना पड़ेगा। नहीं समझे? इस बार…सोचना पड़ेगा।”

इस सरल लेकिन प्रभावशाली संदेश के साथ प्रोमो प्रिय क्विज़ शो को एक ताज़ा नया आयाम देता है। यह संकेत देते हुए कि प्रतिभागियों को ठहरना होगा, रणनीतिक रूप से सोचना होगा और हर उत्तर को मायने रखना होगा। गोल्फ कोर्स की शांत पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म गोल्फ में आवश्यक धैर्य और सटीकता तथा केबीसी की हॉट सीट पर सोच समझकर निर्णय लेना के बीच एक आकर्षक समानता प्रस्तुत करती है, जो खेल का परिणाम पूरी तरह बदल सकती है।

नया सीज़न सोच समझकर निर्णय लेने पर और अधिक ज़ोर देने का वादा करता है, यह साबित करते हुए कि केवल ज्ञान ही कभी कभी पर्याप्त नहीं होता, एक पल ठहरकर सोचना खेल का परिणाम बदल सकता है।