Thursday , July 23 2026

क्लिनिकल उत्कृष्टता और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर, 7 एयर फ़ोर्स हॉस्पिटल का दौरा

कानपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल सर्विसेज़ (डीजीएएफएमएस) की महानिदेशक सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम ने कानपुर छावनी स्थित 7 एयर फ़ोर्स हॉस्पिटल (7AFH) का दौरा कर अस्पताल की चिकित्सा तैयारियों, स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों की देखभाल संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

दौरे के दौरान 7 एयर फ़ोर्स हॉस्पिटल के एयर ऑफ़िसर कमांडिंग एयर कमोडोर आदित्य सपरा ने उनका स्वागत किया तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य की आधारभूत संरचना विकास योजनाओं की जानकारी दी। महानिदेशक ने अस्पताल के विभिन्न प्रमुख विभागों का निरीक्षण करते हुए चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और संचालन व्यवस्था की समीक्षा की।

सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन ने अस्पताल के चिकित्सकों, अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सैन्य अस्पतालों की भूमिका केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में भी इनका महत्वपूर्ण योगदान है।

उन्होंने क्लिनिकल उत्कृष्टता, मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा सैन्य स्वास्थ्य सेवा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने अस्पताल में चल रहे आधुनिकीकरण कार्यों और चिकित्सा तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह दौरा आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल सर्विसेज़ की उस प्रतिबद्धता को दोहराता है, जिसके तहत सशस्त्र बलों के जवानों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को विश्वस्तरीय, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।