मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंतज़ार अब खत्म होने वाला है, क्योंकि स्टार प्लस का नया शो ‘ये फितूर तेरा’ 5 अगस्त से रात 8:30 बजे दर्शकों के बीच आने जा रहा है। देबचंद्रिमा सिंघा रॉय और ईशान धवन अभिनीत यह शो सौम्या की कहानी है, जो इलाहाबाद की एक ऐसी लड़की है, जिसे हमेशा इस बात का डर रहता है कि लोग उसके बारे में क्या सोचेंगे। यही डर उसे चुप रहने पर मजबूर कर देता है।
जब सौम्या पहली बार एक को-एड कॉलेज में कदम रखती है, तो उसे नई जगह, नए लोगों और नए रिश्तों का सामना करना पड़ता है। इसी सफर में उसकी मुलाकात जीत से होती है, लेकिन उसकी सबसे बड़ी लड़ाई किसी और से नहीं, बल्कि खुद अपने डर से है। इस किरदार के बारे में बात करते हुए देबचंद्रिमा सिंघा रॉय ने बताया कि आखिर सौम्या उनसे इतनी गहराई से क्यों जुड़ गई।

देबचंद्रिमा सिंघा रॉय ने कहा, “सच कहूँ, तो शुरू से ही मुझे सौम्या के लिए एक अलग-सी फीलिंग होने लगी थी। वह ऐसी लड़की है, जो सबसे बात करना चाहती है, सबसे जुड़ना चाहती है, लेकिन उसके अपने ही डर उसे हर बार रोक लेते हैं। मुझे लगता है कि लोग अक्सर किसी शांत इंसान को देखकर यही मान लेते हैं कि वह ऐसा ही है, लेकिन उसके मन में कितने सवाल और कितनी बातें चल रही होती हैं, यह कोई नहीं जानता। सौम्या का किरदार निभाते समय मैं हमेशा यही सोचती थी कि उसकी हर झिझक, हर रुकावट और हर खामोशी के पीछे एक वजह है। शायद यही बात उसे मेरे लिए इतना सच्चा बनाती है। मुझे लगता है कि बहुत-सी लड़कियाँ खुद को सौम्या में कहीं न कहीं ज़रूर देखेंगी। मैं बहुत खुश हूँ कि ‘ये फितूर तेरा’ की लॉन्च डेट अब सामने आ गई है।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal