Tuesday , July 21 2026

बाल निकुंज : हाईस्कूल की 183 मेधावी बेटियां सम्मानित, दिव्या पाल बनीं टॉपर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी, अलीगंज स्थित शिव सहाय जी सभागार में सोमवार को हाईस्कूल यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस, लखनऊ की तीनों शाखाओं की 183 मेधावी छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी एवं विशेष पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद मनोज कुमार सक्सेना (रीजनल मैनेजर, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया) ने मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने छात्राओं से भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ने और समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

सम्मान समारोह में बाल निकुंज इंटर कॉलेज गर्ल्स विंग की दिव्या पाल ने 95.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीनों शाखाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें डायमंड अवार्ड ट्रॉफी के साथ विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया। बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी, अलीगंज की जानवी वर्मा ने 93.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया और रूबी अवार्ड से सम्मानित हुईं। वहीं वंशिका शर्मा (93.83%), वर्तिका श्रीवास्तव (93.66%) तथा सिद्रा आलम (93.16%) को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रूबी अवार्ड प्रदान किया गया।

विद्यालय प्रशासन ने अंक प्रतिशत के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में छात्राओं को सम्मानित किया। 96 से 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली एक छात्रा को डायमंड अवार्ड, 91 से 95 प्रतिशत अंक पाने वाली 17 छात्राओं को रूबी अवार्ड, 86 से 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली 43 छात्राओं को पर्ल अवार्ड, 81 से 85 प्रतिशत अंक पाने वाली 44 छात्राओं को सफायर अवार्ड, 76 से 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली 46 छात्राओं को इमराल्ड अवार्ड, 71 से 75 प्रतिशत अंक पाने वाली 24 छात्राओं को कोरल अवार्ड, 66 से 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली 5 छात्राओं को जेम अवार्ड तथा 60 से 65 प्रतिशत अंक पाने वाली 3 छात्राओं को ओपल अवार्ड प्रदान किए गए।

इस अवसर पर बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, शिव सहाय गर्ल्स पीजी कॉलेज के चेयरमैन आयुष जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, तीनों शाखाओं के प्रधानाचार्य, इंचार्ज, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।