Tuesday , July 21 2026

SCIENCE CITY : टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर 22 जुलाई को

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आंचलिक विज्ञान नगरी में 22 जुलाई को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में आम नागरिकों को आमंत्रित किया गया है ताकि वे उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें। शिविर में जांच कराने के आने वाले लोगों को निःशुल्क प्रवेश मिलेगा।

स्वास्थ्य शिविर में मधुमेह (डायबिटीज़) जांच, एनीमिया जांच, रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) जांच, बॉडी मास इंडेक्स (BMI) मूल्यांकन, छाती का एक्स-रे तथा थूक (स्पुटम) परीक्षण जैसी चिकित्सा जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इन जांचों के माध्यम से क्षय रोग (टीबी) एवं अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान संभव होगी। जिससे शीघ्र उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत सरकार के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को सशक्त बनाना तथा लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। शिविर के दौरान चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञ उपस्थित नागरिकों को क्षय रोग के लक्षणों, बचाव, उपचार तथा समय पर जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक करेंगे।

आंचलिक विज्ञान नगरी प्रशासन ने आमजन से अपील किया है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएँ। इस पहल के माध्यम से आंचलिक विज्ञान नगरी जन-जागरूकता, सामुदायिक कल्याण तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करता है।