Tuesday , July 21 2026

Bank of Baroda : जनसेवा के संकल्प संग मनाया 119वां स्थापना दिवस, दिया ये संदेश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर लखनऊ अंचल में विभिन्न सामाजिक, पर्यावरणीय एवं ग्राहक-केंद्रित कार्यक्रमों का आयोजन कर इस ऐतिहासिक दिवस को उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया। वर्ष 1908 में महाराजा सर सयाजीराव गायकवाड़-III द्वारा स्थापित बैंक ने इस अवसर पर समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बड़ौदा भवन में महाराजा सर सयाजीराव गायकवाड़-III की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर शैलेन्द्र कुमार सिंह (महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, लखनऊ अंचल) तथा बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत लखनऊ अंचल में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर्स सम्मान समारोह

समाज एवं कानून व्यवस्था के प्रति उत्तर प्रदेश पुलिस के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अमूल्य योगदान के सम्मान में एक विशेष पेंशनर्स सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अरविन्द कुमार जैन (सेवानिवृत्त आईपीएस एवं अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश पुलिस वेलफेयर इंस्टीट्यूट), अविनाश चन्द्र (सेवानिवृत्त आईपीएस) तथा श्यामपाल सिंह (सेवानिवृत्त पीपीएस) उपस्थित रहे।

अतिथियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस वेतन पैकेज की सुविधाओं को पारिवारिक पेंशनभोगियों तक विस्तारित किए जाने की बैंक की पहल की सराहना की। उन्होंने बैंक की ग्राहक-हितैषी नीतियों, पुलिस परिवार के लिए समर्पित बैंकिंग सेवाओं की प्रशंसा करते हुए अधिकाधिक पेंशनर्स से बैंक की सेवाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर

सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत बैंक द्वारा लायंस क्लब ब्लड बडीज़, अपोलो हॉस्पिटल एवं संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के सहयोग से बड़ौदा भवन, लखनऊ में रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया, वहीं उपस्थित कर्मचारियों एवं आगंतुकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की भी व्यवस्था की गई।

‘BOB Earth – Banking for a Greener Planet’ थीम पर वॉकाथॉन

पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘BOB Earth – Banking for a Greener Planet’ थीम पर जनेश्वर मिश्र पार्क में वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बैंक के 100 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

वृक्षारोपण अभियान

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा ने लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा कुकरैल नदी के किनारे विकसित किए जा रहे उर्मिला वन में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस अवसर पर सी.पी. त्रिपाठी (अपर सचिव, लखनऊ विकास प्राधिकरण), शैलेन्द्र कुमार सिंह (महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, लखनऊ अंचल), बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

अभियान के दौरान बैंक द्वारा 650 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य की दिशा में बैंक की सतत प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

इस अवसर पर शैलेन्द्र कुमार सिंह (महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, लखनऊ अंचल) ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा केवल बैंकिंग सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण तथा समावेशी विकास के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक भविष्य में भी ग्राहकों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन इसी समर्पण के साथ करता रहेगा।

उल्लेखनीय है कि बैंक ऑफ बड़ौदा अपना 119वां स्थापना दिवस भारत सहित विश्वभर में स्थित अपनी शाखाओं में विभिन्न ग्राहक सेवा, सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यक्रमों के माध्यम से मना रहा है। जो बैंक की 119 वर्षों की गौरवशाली विरासत एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।