Tuesday , July 21 2026

जानकीपुरम की बदहाल सड़कों को लेकर विधायक से मिले व्यापारी, की ये मांग


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जन उद्घोष व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा से मुलाकात कर जानकीपुरम एवं जानकीपुरम विस्तार क्षेत्र की बदहाल और जर्जर सड़कों की समस्या से अवगत कराया। 

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सीवर खुदाई के कारण लंबे समय से सड़कें टूटी हुई हैं, सड़कों पर मिट्टी का ढेर लगा है।जिससे स्थानीय व्यापारियों, क्षेत्रवासियों और राहगीरों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है।

समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने मौके पर ही लोक निर्माण विभाग एवं जल विभाग के अधिकारियों से वार्ता की और उन्हें अविलंब सड़क की मरम्मत एवं आवश्यक कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

जन उद्घोष व्यापार मंडल ने विधायक डॉ. नीरज बोरा द्वारा त्वरित संज्ञान लेने और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही उम्मीद जताई कि जल्द ही क्षेत्र की सड़कों की स्थिति में सुधार होगा, जिससे आम जनता और व्यापारियों को राहत मिलेगी।

इस मौके पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री विनोद कुमार सिंह, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, प्रदेश मंत्री आरके सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष नवीन सिंह, डॉ. रवीश कुमार सिंह मौजूद रहें।