अभिनेता कार्तिक आर्यन ने अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में ‘चंदू चैंपियन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता है। यह उनके करियर का पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है। इस सम्मान की घोषणा होते ही कार्तिक अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और खुशी से झूम उठे। इस श्रेणी में उन्होंने मलयालम फिल्म ‘भ्रमयुगम’ के लिए अभिनेता ममूटी के साथ संयुक्त रूप से पुरस्कार हासिल किया।राष्ट्रीय पुरस्कार की घोषणा के बाद कार्तिक ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह परिवार के साथ पुरस्कारों की लाइव घोषणा देखते नजर आ रहे हैं। जैसे ही उनके नाम का ऐलान हुआ, वह खुशी से उछल पड़े। इसके बाद उनके माता-पिता ने उन्हें गले लगाकर बधाई दी। वीडियो में उनकी मां बेटे के गाल पर प्यार से चुंबन देती नजर आती हैं, जिसने इस खास पल को और भावुक बना दिया।कार्तिक ने वीडियो के साथ लिखा, “अब भी इस एहसास को महसूस कर रहा हूं। कुछ पल शब्दों से परे होते हैं। सालों का संजोया सपना सच हो गया। हमेशा आभारी रहूंगा।” वहीं इंस्टाग्राम स्टोरी पर उन्होंने लिखा, “सपने सच होते हैं।”उल्लेखनीय है कि ‘चंदू चैंपियन’ भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर के जीवन पर आधारित फिल्म है। इस किरदार को पर्दे पर साकार करने के लिए कार्तिक आर्यन ने शारीरिक और मानसिक रूप से कड़ी तैयारी की थी, जिसकी सराहना दर्शकों और समीक्षकों ने भी की।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal