टीवी अभिनेत्री जेनिफर विंगेट एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेनिफर सिंगापुर के व्यवसायी इश्माएल विलियम के साथ शादी के बंधन में बंधने की तैयारी कर रही हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले कुछ समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और हाल ही में इश्माएल ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया, जिसे अभिनेत्री ने स्वीकार कर लिया।रिपोर्ट्स के अनुसार, जेनिफर और इश्माएल यूनाइटेड किंगडम (यूके) में एक निजी समारोह में विवाह करने की योजना बना रहे हैं। बताया जा रहा है कि समारोह में सिर्फ दोनों परिवारों के सदस्य और करीबी रिश्तेदार ही शामिल होंगे। खबरों के मुताबिक, दोनों 16 जुलाई को शादी कर सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में जेनिफर विंगेट या उनकी टीम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।जेनिफर की निजी जिंदगी पहले भी चर्चा में रह चुकी है। उन्होंने वर्ष 2012 में अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से शादी की थी, लेकिन दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका और 2014 में उनका तलाक हो गया। बाद में करण सिंह ग्रोवर ने अभिनेत्री बिपाशा बसु से शादी कर ली, जबकि जेनिफर ने अपनी निजी जिंदगी को हमेशा मीडिया की नजरों से दूर रखा।टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार जेनिफर विंगेट अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ को अलग रखना पसंद करती हैं। ऐसे में उनकी दूसरी शादी की खबरों ने प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। अब सभी की नजरें अभिनेत्री या उनकी टीम की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर टिकी हुई हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal