भोपाल : भारत निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख घोषित कर दी है। इसके लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 03 अगस्त को मतगणना और परिणाम घोषित होंगे।निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीख घोषणा कर दी है। इनमें मप्र की दतिया विधानसभा सीट भी शामिल है। निर्वाचन की तारीख का ऐलान होने के साथ ही दतिया विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, दतिया उपचुनाव की अधिसूचना 6 जुलाई को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई, नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई तथा नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है। इसके बाद 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को मतगणना की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।गौरतलब है कि मप्र की दतिया विधानसभा सीट से कांग्रेस के राजेंद्र भारती विधायक थे। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को पराजित किया था लेकिन कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को आर्थिक अनियमितता से जुड़े एक मामले में अदालत ने तीन वर्ष की सजा सुनाई थी। इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता समाप्त कर दी थी, जिसके चलते यह सीट रिक्त हुई थी। हालांकि, उन्होंने अपनी विधानसभा की सदस्यता समाप्ति के निर्णय को न्यायालय में चुनौती दी है लेकिन अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिली है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal