पुणे (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आरआर काबेल फाउंडेशन की सीएसआर पहल ‘रोशनी’ ने एलिक्सिर फाउंडेशन के सहयोग से संचालित ‘ट्रैफिक जागरूकता, प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा अभियान’ के सफल समापन की घोषणा की है। जनवरी से सितंबर 2025 तक चले इस अभियान का उद्देश्य महाराष्ट्र के पुणे और नासिक जिलों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ट्रैफिक पुलिस के कार्यस्थल की परिस्थितियों को बेहतर बनाना था।
व्यस्त चौराहों, दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों, स्कूल व अस्पतालों के आसपास पुलिस बूथ स्थापित करना सड़क सुरक्षा मजबूत करने और जानें बचाने में अहम भूमिका निभाता है। ये बूथ वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने निरंतर प्रेरित करते हैं। तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने जैसी जोखिमभरी आदतों को रोकने में मदद करते हैं तथा दुर्घटना या आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करते हैं। यात्रियों के लिए मार्गदर्शन और सहायता का केन्द्र बनने के साथ-साथ ये बूथ लोगों में सुरक्षा की भावना भी बढ़ाते हैं।
आरआर ग्लोबल की निदेशक कीर्ति काबरा ने कहा, “आरआर काबेल में हम सड़क सुरक्षा को केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि साझा मिशन मानते हैं। एलिक्सिर फाउंडेशन के साथ मिलकर इस अभियान के माध्यम से हमने नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने, समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और ट्रैफिक पुलिस को आवश्यक सहयोग देने का प्रयास किया। अभियान की सफलता हमारे उन प्रयासों की पुष्टि है जो सुरक्षित और जिम्मेदार शहरी वातावरण बनाने के लिए किए जा रहे हैं, और हम आगे भी इसी तरह समुदाय के हित में काम करते रहेंगे।”
अभियान ने सड़कों को सभी के लिए सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बहुआयामी गतिविधियाँ संचालित कीं। परियोजना का समापन पुणे में आयोजित एक औपचारिक हस्तांतरण समारोह के साथ हुआ।
अभियान की प्रमुख उपलब्धियां
जन-जागरूकता: इस पहल के माध्यम से 10,000 से अधिक विद्यार्थियों और नागरिकों को यातायात नियमों, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और प्राथमिक उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
संदेश का व्यापक प्रसार : प्रत्यक्ष जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ ब्रांडेड पुलिस बूथों के जरिए सड़क सुरक्षा का संदेश बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया गया।
रचनात्मक सहभागिता : सड़क सुरक्षा विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में लगभग 1,000 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिससे समुदाय में प्रभावी और सजीव जागरूकता बनी।
ट्रैफिक पुलिस के लिए सुविधाओं में सुधार : अभियान के तहत कुल 75 (55 पुणे और 20 नासिक में) नए ट्रैफिक पुलिस बूथ स्थापित किए गए। जिससे पुलिस की दृश्यता, सुरक्षा और कार्य परिस्थितियों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
इन पहलों ने मिलकर सड़क सुरक्षा की संस्कृति और सामुदायिक जिम्मेदारी को बढ़ाने के अभियान के समग्र दृष्टिकोण को स्पष्ट किया। आरआर काबेल और एलिक्सिर फाउंडेशन के बीच यह साझेदारी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी का एक मजबूत उदाहरण है, जो सुरक्षित सड़कों, ट्रैफिक अधिकारियों के समर्थन और नागरिकों में जिम्मेदारी जागरूकता बढ़ाने के प्रति उनके संयुक्त संकल्प को दर्शाती है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal