मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ज़ी सिनेमा अपने धमाकेदार प्रीमियर मैराथन को लगातार आगे बढ़ाते हुए इस हफ्ते दर्शकों के लिए तीन बड़ी फिल्मों का शानदार तोहफा लेकर आ रहा है। सुपरनैचुरल थ्रिल, हाई-वोल्टेज एक्शन और एक दमदार गैंगस्टर रोमांस के साथ यह हफ्ता हर तरह के दर्शकों के लिए भरपूर मनोरंजन का वादा करता है।
डर, रहस्य और रोमांच से भरपूर ‘आधि शब्दम’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर 25 जून को रात 8 बजे होगा। यह सुपरनैचुरल थ्रिलर पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर रूबेन की कहानी है, जिसे एक मेडिकल कॉलेज में हो रही रहस्यमयी मौतों और अजीब घटनाओं की जाँच के लिए बुलाया जाता है। लेकिन, जैसे-जैसे वह मामले की तह तक पहुँचता है, उसके सामने ऐसे खौफनाक राज़ खुलते हैं, जो उसकी हर सोच और हर यकीन को चुनौती देने लगते हैं। आदि, लक्ष्मी मेनन, सिमरन और लैला जैसे कलाकारों से सजी यह फिल्म हॉरर, सस्पेंस और मिस्ट्री का जबरदस्त मेल है।
इसके बाद 27 जून को रात 8 बजे ज़ी सिनेमा पर होगा एक्शन थ्रिलर ‘सहदेव’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर। रवि तेजा इस फिल्म में अपने दमदार और इंटेंस अंदाज़ में नजर आएँगे। लेकिन, ‘सहदेव’ सिर्फ एक्शन तक सीमित नहीं है। रहस्य, जज़्बात और सस्पेंस से भरी इसकी कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कपास किसान के रूप में एक शांत ज़िंदगी जी रहा है। उसकी छिपी हुई कहानी तब सामने आने लगती है, जब एक पत्रकार उसकी जाँच शुरू करता है। धीरे-धीरे उसके खतरनाक गुप्त मिशनों और अवैध हथियारों के बड़े नेटवर्क से जुड़े रिश्तों का खुलासा होता है। जबरदस्त एक्शन, दमदार ड्रामा और कई रोमांचक ट्विस्ट्स से भरपूर ‘सहदेव’ शुरुआत से लेकर आखिर तक दर्शकों को बाँधे रखेगी।
इस हफ्ते का सबसे बड़ा आकर्षण है विशाल भारद्वाज की ‘ओ’ रोमियो’, जिसमें वह एक बार फिर अपनी खास स्टाइल की फिल्ममेकिंग के साथ लौट रहे हैं। साजिद नाडियाडवाला द्वारा नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित, यह एकतरफा प्यार की पृष्ठभूमि पर आधारित एक गहरी और तीव्र कहानी है। फिल्म में शाहिद कपूर उस्तरा के किरदार में नजर आएँगे, जो अपने सीधे धार वाले उस्तरे के लिए जाना जाता है। उसकी ज़िंदगी उस वक्त पूरी तरह बदल जाती है, जब वह अफशां से प्यार कर बैठता है, जिसका किरदार तृप्ति डिमरी ने निभाया है। दोनों का रिश्ता ऐसी घटनाओं को जन्म देता है, जो पूरे क्राइम सिंडिकेट को हिलाकर रख देती हैं।
दमदार अभिनय, मजबूत कहानी और विशाल भारद्वाज की खास कहानी कहने की शैली से सजी यह फिल्म ऐसा सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है, जो फिल्म खत्म होने के बाद भी दर्शकों के साथ बना रहेगा। फिल्म में नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी और फरीदा जलाल अहम भूमिकाओं में हैं, जबकि विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया और दिशा पाटनी खास भूमिकाओं में नजर आएंगे।
तृप्ति डिमरी ने कहा, “अफशां उन महिलाओं में से है जो खुद का ऐलान नहीं करती। वो किसी कमरे में आकर सबका ध्यान नहीं खींचती, लेकिन बिना किसी को एहसास हुए, सब कुछ बदल देती है। उसका किरदार निभाना मेरे लिए सबसे मुश्किल और खास अनुभवों में से एक रहा, क्योंकि उसकी कहानी का बड़ा हिस्सा उसकी खामोशी में छिपा है। शाहिद और मेरे बीच एक सीन है, जिसमें मुश्किल से तीन शब्द बोले जाते हैं, लेकिन शायद मैंने किसी भी फिल्म सेट पर उससे ज्यादा कभी महसूस नहीं किया। विशाल सर के साथ काम करने की यही खूबी है, वह ऐसा माहौल बना देते हैं, जहाँ आप अभिनय करना छोड़ देते हैं और किरदार को महसूस करने लगते हैं। मैं उम्मीद करती हूँ कि जब दर्शक रविवार रात ज़ी सिनेमा पर यह फिल्म देखेंगे, तो वे अफशां को उसी तरह देखेंगे जैसे मैंने देखा, एक ऐसी महिला के रूप में, जो सिर्फ हालात का शिकार नहीं बनती, बल्कि मुश्किल से मुश्किल परिस्थिति में भी अपने फैसले खुद लेती है।”
फिल्म के लेखक और निर्देशक विशाल भारद्वाज ने कहा, “1995 का बॉम्बे एक ऐसा शहर था, जो दंगों के बाद खुद को फिर से खड़ा कर रहा था, लेकिन दूसरी तरफ अंडरवर्ल्ड अपने पूरे असर के साथ मौजूद था। यह एक ऐसी प्रेम कहानी के लिए बिल्कुल सही पृष्ठभूमि थी, जिसका अंत सिर्फ खून-खराबे में ही हो सकता था। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि दुनिया की सबसे खतरनाक चीज़ कोई हथियार नहीं, बल्कि वह इंसानी दिल है जिसे यह नहीं पता कि प्यार के साथ क्या करना है। ‘उस्तरा’ उसी सोच को तलाशने की मेरी कोशिश है। जब मैंने यह कहानी हुसैन जैदी की किताब में पढ़ी, तभी समझ गया था कि इसे पर्दे पर आना चाहिए। शाहिद और तृप्ति के रूप में मुझे ऐसे कलाकार मिले, जिन्होंने सिर्फ किरदार नहीं निभाए, बल्कि उन्हें जी लिया। मुझे खुशी है कि अब यह फिल्म टेलीविज़न दर्शकों तक पहुँच रही है, क्योंकि ‘ओ’ रोमियो’ सिर्फ मल्टीप्लेक्स दर्शकों के लिए नहीं, बल्कि हर उस घर के लिए बनी है, जो प्यार की दीवानगी को समझता है।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal